Ghaziabad: गाजियाबाद के सरकारी अस्पतालों में लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां के सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को दी जा रही दो दवाइयां जांच में फेल हो गई हैं। यह जांच केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन द्वारा की गई थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद से ही गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अस्पताल के सीएमएस ने इसकी सूचना सीएमओ को भेजी। जिसके आधार पर सीएमओ डॉ.भवतोष शंखधर ने इस संबंध में एक आदेश जारी करते हुए जिला एमएमजी, जिला महिला अस्पताल, जिले के सभी 65 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तत्काल प्रभाव से इन दोनों दवाओं के प्रयोग पर रोक लगा दी है।
सरकारी अस्पतालों की दवाओं का सैंपल फेल
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार हाल ही में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर और संजय नगर स्थित संयुक्त अस्पताल से दो दवाओं के नमूने की जांच की गई थी। ये दोनों ही मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए हैं। इसमें से एक दवा मरीजों को ब्लड प्रेशर और दूसरी उल्टी को नियंत्रित करने के लिए दी जाती है। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने चीफ फार्मासिस्ट को पत्र भेजकर औषधि ड्रग वेयर हाउस गाजियाबाद में रखी इन दवाओं के बारे में शासन को अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।
