Ghaziabad News: अगर आप गाजियाबाद में सस्ती दरों पर फ्लैट लेने की सोच रहे हैं, तो गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) आपको बड़ा मौका देने जा रही है। जीडीए ऐसी तीन योजनाएं लेकर आ रही है, जिसमें सस्ती दरों पर फ्लैट देने की योजना है। इसके तहत खाली पड़े फ्लैट का ओवरहेड एंड कंटीजेंसी चार्ज घटाया जा सकता है, जिस वजह से फ्लैट की कीमत कम से कम पांच लाख रुपये तक काम हो जाएगी।
जीडीए ने फ्लैट्स का निर्माण कराया है।
2015 में फ्लैट्स बनाने की मंजूरी
बता दें कि जीडीए 2015 में समाजवादी आवास योजना के तहत 2,373 फ्लैट बनाने की योजना लाया था। इसके लिए मधुबन बापूधाम आवासीय योजना, इंद्रप्रस्थ योजना, कोयल एंक्लेव में निर्माण कार्य शुरू किया गया था। इसकी शर्त रखी गई थी कि जब आप फ्लैट की बुकिंग करते हैं, उस वक्त जो रेट तय होगी उसे बढ़ाया नहीं जाएगा, लेकिन आगे चलकर सरकार बदल गई और नई सरकार ने इस समाजवादी आवास योजना के तहत बने फ्लैट्स को अफोर्डेबल हाउसिंग नीति के तहत बिक्री का आदेश दिया, जिसके बाद इन फ्लैट्स पर 15 प्रतिशत तक ओवरहेड और कंटीजेंसी चार्ज लगाया गया, जिस वजह से खाली पड़े फ्लैट्स की बिक्री अभी तक नहीं हुई।
वन और टू बीएचके में उपलब्ध हैं फ्लैट्स
बता दें कि इस योजना के तहत वन बीएचके और टू बीएचके फ्लैट्स के निर्माण हुए थे। वन बीएचके की कीमत 15 से 17 लाख और टू बीएचके फ्लैट्स की कीमत 20 से 27 लाख रुपये तय की गई थी। इसके बाद 2020 में इन फ्लैट्स पर 15 फीसदी तक ओवरहेड और कंटीजेंसी चार्ज जोड़ दिया गया, जिस वजह से इसकी कीमत बढ़ गई।
फिलहाल गाजियाबाद विकास प्राधिकरण इसकी देखभाल करता है, जिस पर लाखों रुपये का खर्च आ रहा है। ऐसे में जीडीए इन खाली पड़े फ्लैट्स को जल्द से जल्द बेचना चाहता है।
पांच लाख तक की मिल सकती है छूट
जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण इन फ्लैट्स पर ओवरहेड और कंटीजेंसी चार्जेस को कम करना चाहता है। इसे 15 प्रतिशत से कम करने की योजना है। योजना है कि इन चार्जेस को पांच लाख रुपये तक कम किया जाए, ताकि खाली पड़े फ्लैट्स की बिक्री हो सके।
जीडीए के प्रभारी मुख्य अभियंता मानवेंद्र सिंह ने बताया कि फ्लैट्स पर ओवरहेड एंड कंटीजेंसी चार्ज को कम करने की योजना है। अगर इसे कम कर दिया जाता है तो इसकी कीमत कम हो जाएगी और लोग इसे खरीद सकेंगे।
