Baghpat Pickup Van Accident: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन व्यापारियों की मौत हो गई और चालक सहित आठ लोग घायल हो गए। यह हादसा मेरठ–बागपत–सोनीपत राजमार्ग पर मीतली गांव के पास उस समय हुआ जब सब्जियों से भरी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी के अनुसार, सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के डौला गांव के कुछ किसान सब्जियों की खेप लेकर दिल्ली की आजादपुर मंडी जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना घटित हुई।
बागपत में भीषण सड़क हादसा
कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि मीतली गांव स्थित सर्वहितकारी इंटर कॉलेज के पास पहुंचते ही पिकअप का एक्सल अचानक टूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर वाहन के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला।
घायलों को तुरंत अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने 60 वर्षीय जान मोहम्मद उर्फ जानू, 50 वर्षीय रज्जू और 45 वर्षीय अशफाक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि सात अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
(इनपुट - भाषा)
