Ghaziabad Blast News: साहिबाबाद के लाजपत नगर में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। आगामी दशहरे के लिए तैयार किए जा रहे रावण के पुतले में पटाखे भरते समय अचानक तेज धमाका हो गया। जिसके बाद पुतले में आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
गाजियाबाद के लाजपत नगर में बड़ा धमाका:
धमाके से मची अफरा-तफरी
यह हादसा साहिबाबाद के लाजपत नगर में एक सामुदायिक केंद्र के पास हुई, जहां दशहरा पर्व के लिए रावण का पुतला तैयार किया जा रहा था। जिसके लिए पुतले में पटाखे भरे जा रहे थे, तभी अचानक पटाखों में आग लग गई और एक भीषण धमाका हो गया। यह धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के तुरंत बाद पुतले में आग लग गई और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के कारणों की जांच कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही साहिबाबाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास की सोसायटियों के गेट बंद करवा दिए ताकि भीड़ को रोका जा सके। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने स्पष्ट किया कि मौके पर अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम नहीं चल रहा था, बल्कि रावण दहन के लिए पुतले में पटाखे फिट किए जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
जांच में सामने आया है कि हापुड़ के पिलखुआ निवासी अनिल सिंह को रावण का पुतला तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसी दौरान हुए हादसे में तीन लोग झुलस गए। पुलिस के मुताबिक, सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
