इस साल 14 सितंबर को बड़ी ही धूमधाम से गणेश चतुर्थी का उत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान होने वाले गणपति उत्सव के लिए भारतीय रेलवे ने भी कमर कस ली है। विशेषतौर पर सेंट्रल रेलवे ने गणपति उत्सव के दौरान घर जाने वाले यात्रियों के लिए 246 स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। इनमें से 184 को एसी स्पेशल ट्रेनें होंगी। इन ट्रेनों में एसी, स्लीपर और अनरिजर्व्ड कोच भी होंगे। इसके अलावा 62 ट्रेनें पूरी तरह से अनरिजर्व्ड होंगी। इन ट्रेनों के चलने से मुंबई, पुणे और आसपास के इलाकों से कोंकण क्षेत्र की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को सफर के लिए और ज्यादा विकल्प मिलेंगे।
गणपति उत्सव के लिए भारतीय रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की
गणपति स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग कब शुरू होगी
गणपति स्पेशल ट्रेनों की रिजर्वेशन बुकिंग का समय अब बहुत नजदीक है। इन गणपति स्पेशल ट्रेनों की रिजर्वेशन बुकिंग आगामी 1, 2 और 3 अगस्त 2026 से अलग-अलग चरणों में शुरू होगी। यात्री रिजर्व्ड टिकटों की बुकिंग रेलवे के PRS काउंटरों और IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट irctc.co.in के जरिए कर सकेंगे।
CSMT से सावंतवाड़ी रोड के लिए कई स्पेशल ट्रेनें
सेंट्रल रेलवे के अनुसार मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से सावंतवाड़ी रोड के बीच कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें से कुछ ट्रेनें 11 सितंबर से 27 सितंबर 2026 के बीच हर रोज चलाई जाएंगी। इसी तरह CSMT-रत्नागिरी के बीच भी डेली स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। इन सेवाओं में एसी 3-टियर, स्लीपर और जनरल सेकंड क्लास के कोच उपलब्ध रहेंगे।
LTT से चलेगी गणपति स्पेशल ट्रेन
लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) से सावंतवाड़ी रोड और रत्नागिरी के लिए भी कई स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की गई हैं। इनमें दैनिक, साप्ताहिक और सप्ताह में पांच दिन चलने वाली सेवाएं शामिल हैं। इसके अलावा LTT से मडगांव के लिए एसी और सामान्य स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी।
पुणे-रत्नागिरी के बीच भी अतिरिक्त ट्रेन
गणपति उत्सव के दौरान पुणे से रत्नागिरी के लिए भी कुछ स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। रेलवे ने पुणे-रत्नागिरी के बीच एसी वीकली स्पेशल और सामान्य वीकली स्पेशल की घोषणा की है। इससे पुणे और कोंकण के बीच त्योहार के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को संभालने में मदद मिलेगी। रेलवे की पूरी रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
62 अनरिजर्व्ड स्पेशल ट्रेनें भी चलेंगी
सेंट्रल रेलवे ने गणपति उत्सव के दौरान 62 अनरिजर्व्ड स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला भी किया है। इनमें Diva-Khed और Diva-Chiplun के बीच MEMU स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों में सामान्य शुल्क के साथ अनरिजर्व्ड टिकट UTS सिस्टम के जरिए लिए जा सकेंगे। रेलवे की तरफ से यात्रियों को टिकट बुकिंग के लिए RailOne App की सुविधा भी मिलेगी।
ये भी पढ़ें - दिल्ली में शराब पीकर यमुना में नहाने उतरे चार युवक, तीन की मौत; चौथे की तलाश में जुटी NDRF
किस तारीख को किन ट्रेनों के लिए कर पाएंगे बुकिंग?
रिजर्व्ड गणपति स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग अलग-अलग तारीखों पर खुलेगी। शनिवार 1 अगस्त को ट्रेन नंबर 01153, 01445, 01167 और 01447 की बुकिंग शुरू होगी। जबकि रविवार 2 अगस्त को 01165 और 01185 के लिए टिकट बुक किए जा सकेंगे। वहीं सोमवार 3 अगस्त को 01103, 01129, 01151, 01171 और 01131 की बुकिंग शुरू होगी।
ये भी पढ़ें - रुद्रप्रयाग में जलप्रलय जैसे हालात, पैदल पुल के ऊपर से बह रही उफनती अलकनंदा-मंदाकिनी; केदारनाथ हाईवे बंद
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे स्पेशल ट्रेनों के ठहराव और विस्तृत समय की जानकारी के लिए रेलवे की ट्रेन इंक्वायरी सेवा या NTES ऐप देखें। गणपति उत्सव के दौरान कोंकण जाने वाले यात्रियों के लिए इन स्पेशल ट्रेनों से कन्फर्म टिकट हासिल करने के विकल्प और बढ़ने की उम्मीद है।
