Greater Noida Linking Expressway: ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे को आपस में जोड़ने वाली अहम कड़ी अब तेजी से आकार लेने जा रही है। प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। लाइव हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने अपने क्षेत्र के गांवों में सर्वे पूरा कर लिया है और जनवरी से जमीन खरीद की कार्रवाई शुरू करने की तैयारी कर ली गई है। यह लिंक एक्सप्रेसवे न केवल दो बड़े एक्सप्रेसवे को जोड़ेगा, बल्कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक भी सीधी कनेक्टिविटी देगा।
74 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे के लिए जनवरी से शुरू होगा भूमि अधिग्रहण (सांकेतिक तस्वीर)
74 किलोमीटर लंबा होगा लिंक एक्सप्रेसवे
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) इस प्रोजेक्ट पर काम करेगा। करीब 74.3 किलोमीटर लंबा यह लिंक एक्सप्रेसवे गंगा एक्सप्रेसवे के बुलंदशहर जिले के सियाना क्षेत्र से शुरू होकर यमुना एक्सप्रेसवे के सेक्टर-21, फिल्म सिटी के पास जाकर जुड़ेगा। इससे पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच सड़क संपर्क और मजबूत होगा। लाइव हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार लिंक एक्सप्रेसवे का लगभग 20 किलोमीटर हिस्सा यीडा क्षेत्र में प्रस्तावित है, जिसमें से करीब 9 किलोमीटर एलिवेटेड बनाया जाएगा। इसके साथ सर्विस रोड का भी निर्माण होगा, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और आसपास के इलाकों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
16 गांवों में होगा लैंड एक्विजिशन
परियोजना के लिए YEIDA क्षेत्र के 16 गांवों की लगभग 740 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी। इस भूमि अधिग्रहण पर करीब 1200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। जमीन खरीदने के बाद इसे यूपीडा को सौंपा जाएगा, जो निर्माण कार्य को आगे बढ़ाएगा।
56 गांवों से होकर गुजरेगा एक्सप्रेसवे
पूरा लिंक एक्सप्रेसवे कुल 56 गांवों की जमीन से होकर गुजरेगा। इनमें गौतमबुद्ध नगर जिले के 8 और बुलंदशहर जिले के 48 गांव शामिल हैं। बुलंदशहर जिले में यह प्रोजेक्ट खुर्जा, सियाना, शिकारपुर और बुलंदशहर तहसील के गांवों को प्रभावित करेगी। पूरी परियोजना की लागत करीब 4000 करोड़ रुपये आंकी गई है।
दिल्ली-मुंबई तक सफर होगा आसान
इस लिंक एक्सप्रेसवे के बन जाने से मेरठ से गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए यमुना एक्सप्रेसवे, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक पहुंच आसान हो जाएगी। आगरा से ग्रेटर नोएडा तक का सफर भी तेज और सुगम होगा। साथ ही मेरठ से प्रयागराज तक सीधी कनेक्टिविटी मिलने से यात्रियों को बड़ा फायदा होगा। लिंक एक्सप्रेसवे का सीधा जुड़ाव यमुना सिटी के औद्योगिक सेक्टर 28, 29, 32 और 33 से भी होगा। इससे औद्योगिक गतिविधियों, निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यीडा के CEO आरके सिंह के अनुसार, परियोजना के लिए आवश्यक भूमि का सर्वे पूरा हो चुका है और जनवरी से अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। प्राधिकरण का लक्ष्य है कि यह लिंक एक्सप्रेसवे क्षेत्र के विकास में नई गति लाए।
