Delhi News: दिल्ली के बवाना क्षेत्र के हरियाली गांव में गुरुवार देर शाम एक भयावह गोलीबारी हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हुए। मृतक गोगी गैंग का सदस्य था, जो सात साल की सजा काटकर हाल ही में जेल से रिहा हुआ था। गैंगवार के दौरान मृतक के पिता, एक ड्राइवर और एक बच्चा भी गोलियों से घायल हुए।
दिल्ली के बवाना में गैंगवार की दहशत
प्रारंभिक जांच में क्या आया सामने?
प्रारंभिक सूत्रों के अनुसार, हत्या की यह वारदात टिल्लू गैंग के सदस्यों द्वारा अंजाम दी गई। मौके पर बाहरी उत्तरी जिले के DCP समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। घटना स्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। इसी के साथ घायलों का इलाज जारी है।
दिल्ली के सुल्तानपुरी में हवा में गोलियां चलाई गईं
वहीं, बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में बुधवार रात एक मोमो स्टॉल को तोड़फोड़ के बाद कथित तौर पर लोगों के एक समूह ने हवा में फायरिंग की। यह जानकारी एक अधिकारी ने गुरुवार को दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना दो समूहों के बीच चल रही पुरानी दुश्मनी से जुड़ी बताई जा रही है। घटना की सूचना रात लगभग 10.44 बजे सुल्तानपुरी पुलिस थाने को मिली, जिसके बाद पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और वहां मोमो स्टॉल संचालक से मिली।
सुल्तानपुरी के निवासी इरफान (29) ने पुलिस को बताया कि वह अपने स्टॉल पर मौजूद था, तभी अचानक कुछ लोग वहां पहुंचे और खाने-पीने की चीजें तथा मोमो फेंककर हंगामा करने लगे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "उनमें से एक ने हवा में गोली चलायी और उसके बाद सभी लोग मौके से भाग गए।" जांच के दौरान पुलिस को एक खाली कारतूस बरामद हुआ, जिससे यह पुष्टि हुई कि घटना में हथियार का इस्तेमाल हुआ था।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि यह गोलीबारी दो समूहों के बीच लंबे समय से चली आ रही व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण हुई हो सकती है, जो हाल ही में सोशल मीडिया पर हुई झड़पों से और बढ़ गई थी। एक अधिकारी ने कहा, "शिकायतकर्ता और आरोपी एक-दूसरे को पहचानते हैं और उनके बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनकी पहचान पुलिस द्वारा स्पष्ट कर ली गई है।"
सुल्तानपुरी पुलिस थाने में 19 मार्च को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया, जिसमें जान को खतरा पहुंचाने और आपराधिक कृत्यों से जुड़ी धाराओं को शामिल किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
(इनपुट - भाषा)
