कश्मीर में भारी बर्फबारी, श्रीनगर से कई उड़ानें रद्द; श्रीनगर-जम्मू हाईवे भी बंद

जम्मू-कश्मीर में इन दिनों भारी बर्फबारी हो रही है। ताजा बर्फबारी के चलते श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे बंद हो गया है। श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट आने वाली और यहां से उड़ान भरने वाली कई उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। इंडिगो और एयर इंडिया ने आज के लिए सभी उड़ानों को कैंसिल कर दिया है।

कश्मीर में बर्फबारी के कारण मंगलवार को श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जाने वाली और यहां आने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ताजा भारी बर्फबारी के कारण श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे भी बंद हो गया है। हाईवे पर काजिगुंड से बनिहाल के बीच भारी बर्फ जमी है, जिसके कारण हाईवे पर ट्रैफिक की आवाजाही बंद है। मशीनों से बर्फ हटाने का काम जारी है।

पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी का दौर देखने को मिल रहा है। पहाड़ों में होने वाली बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में भी एक बार फिर से ठिठुरन बढ़ गई है। यही नहीं, आज यानी मंगलवार 27 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, जिसके चलते और बर्फबारी की आशंका है। श्रीनगर मौसम विभाग के अनुसार आगामी 29 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। फिलहाल बारिश और बर्फबारी से घाटी के लोगों को राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

End of Feed