मुरादाबाद में गुरुवार को एक सरकारी अस्पताल में भीषण आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम आग बुझाने के प्रयास में जुटी हुई है। मरीज भी अंदर फंसे हैं, जिन्हें निकालने की कवायद जारी है। आग लगने के बाद अस्पताल में भगदड़ मच गई। हालांकि, राहत एवं बचाव कार्य जारी है, लेकिन अभी तक आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है। कोई भी इस पर कुछ भी कहने से बच रहा है।
घटनास्थल की तस्वीर।
मरीजों के परिजनों में घबराहट
आग लगने की सूचना मिलने के बाद मरीजों के परिजनों के बीच खौफ का माहौल है। डॉक्टर और अन्य मेडिकल स्टाफ ने मरीजों को फौरन दूसरे अस्पताल में भर्ती करवाया, ताकि उनके उपचार में बाधा ना हो। इसके अलावा, जिन लोगों का सामान्य उपचार चल रहा था, उन्हें छुट्टी दे दी गई।
कैसे लगी आग?
इस बीच, कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि यह आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है, लेकिन फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। इस आग की वजह से अस्पताल को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। माना जा रहा है कि आगामी दिनों में इसकी जांच की जाएगी और यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आखिर यह आग किस वजह से लगी है।
आग पर काबू पाने की कोशिश
दमकल कर्मियों का दावा है कि काफी हद तक आग पर काबू पा लिया गया है, जिस भयावह अंदाज में आग की लपटों ने अस्पताल परिसर को अपनी चपेट में लिया है, उसे देखते हुए यह कहना मुनासिब रहेगा कि इस आग को बुझाने में काफी समय लग सकता है। उधर, इस आग की वजह से कितने जान माल की हानि हुई है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आ पाई है।
