Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से रिश्तों को झकझोर देने वाला सामने आया है। जहां 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर कथित तौर पर अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। पिता का कसूर बस इतना था कि उन्होंने अपनी नाबालिग बेटी के प्रेस संबंध पर नाराजगी जताई थी। इस वारदात के बाद गंभीर रूप से घायल पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं आरोपी बेटी और उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने आरोपी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया
चार सालों से था दोनों का प्रेम संबंध
पुलिस के अनुसार, खजराना थाना क्षेत्र के मालवीय नगर निवासी मेहरबान सिंह अपना घर चलाने के लिए मजदूरी करते हैं। उनकी नाबालिग बेटी का पिछले चार सालों से शुभम नाम के युवक के साथ प्रेम संबंध था। शुभम टाइल्स लगाने का काम करता है और दोनों शादी कर साथ रहना चाहते थे।
पिता-बेटी में अक्सर होता था विवाद
बताया जा रहा है कि मेहरबान सिंह इस रिश्ते के खिलाफ थे और अपनी बेटी को समझाने की कोशिश करते रहते थे। इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद चलता रहता था। रविवार रात भी इसी बात पर घर में कहासुनी शुरू हुई, लेकिन इस बार यह विवाद खूनी रूप में बदल गया।
चाकू से किया हमला
आरोप है कि विवाद के दौरान बेटी और अपने प्रेमी के साथ मिलकर पिता मेहरबान सिंह के साथ मारपीट की। जिसके बाद उन पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने मेहरबान सिंह को खून से लथपथ हालत में पाया। जिसके बाद उन्हें तुरंत एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही खजराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमले की वजह प्रेम संबंध का विरोध करना है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
खजराना थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमले की योजना पहले से बनाई गई थी या विवाद के दौरान अचानक घटना हुई।
