शहर

फर्रुखाबाद में कोचिंग सेंटर में विस्फोट, 2 की मौत; जांच कमेटी गठित

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद स्थित एक कोचिंग सेंटर में विस्फोट हादसे में दो लोगों की मौत और पांच लोगों होने के मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई गई है।

Image

फर्रुखाबाद में कोचिंग सेंटर में विस्फोट

फर्रुखाबाद : उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कादरी गेट थाना क्षेत्र के सातनपुर मंडी के पास एक कोचिंग सेंटर में शनिवार को जोरदार विस्फोट हुआ। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हुए हैं। मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई गई है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में एक सेप्टिक टैंक था, जिसमें मीथेन गैस जमा होने के कारण विस्फोट हुआ। पास में एक स्विच बोर्ड भी था, जिससे संभवतः चिंगारी निकली। इस घटना में सात लोग घायल हुए, जिनमें से दो की मौत हो गई। बाकी पांच का इलाज चल रहा है।

सीटीवी फुटेज की जांच

उन्होंने आगे कहा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और फायर सेफ्टी टीम भी मौके पर पहुंच गई है। प्रारंभिक जांच में मीथेन गैस और स्विच बोर्ड से चिंगारी को विस्फोट का कारण माना जा रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में एक टीम इस मामले की पूरी जांच करेगी और जो तथ्य होंगे वो सामने लाए जाएंगे।

घटना दोपहर करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है, जब कोचिंग सेंटर में पढ़ाई चल रही थी। विस्फोट के तुरंत बाद मलबे में दबे छात्रों के चीखने-चिल्लाने की आवाजें गूंजने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। बचाव कार्य में जुटी टीमों ने मलबे से कई छात्रों को बाहर निकाला। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल और सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौजूद रहीं। धमाके के कारणों पर अभी स्पष्टता नहीं है। प्रारंभिक अनुमान से लाइब्रेरी के नीचे सेप्टिक टैंक में मीथेन गैस रिसाव से ब्लास्ट की बात कही जा रही है।

न्यूज एजेंसी भाषा के हवाले से स्थानीय लोगों ने बताया कि विस्फोट इतनी तेज थी कि एक किलोमीटर दूर तक कई मकान हिल गए। हादसे में कोचिंग सेंटर के अंदर का पूरा स्ट्रक्चर नष्ट हो गया। बाहर की स्लैब और पक्की दीवारें 50 मीटर दूर जा गिरीं। वहीं, बाहर लगी लोहे की जाली डेढ़ सौ मीटर दूर पानी के गड्ढे में जा गिरी।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। सीएम ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article