Faridabad: फरीदाबाद स्थित अरावली इलाके में जंगल के अंदर बंद ट्रॉली बैग में मिले मानव शरीर अंग मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि यह शव किसी युवती का नहीं बल्कि युवक का है। जिसके बाद पुलिस ने अब हत्या और सबूतों से छेड़छाड़ करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस यह मुकदमा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद दर्ज किया है। पुलिस को जो रिपोर्ट सौंपी गई है, उसमें मृतक को युवक बताया गया है। साथ ही मृतक की उम्र 18 से 30 साल के बीच रहने की संभावना जताई गई। इस रिपोर्ट में यह भी पता चला है कि युवक की हत्या करीब तीन माह पहले की गई थी।
अरावली के इसी क्षेत्र में ट्रॉली के अंदर मिला था शव।
पुलिस को यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट बीके अस्पताल के डॉक्टरों की बोर्ड ने शुक्रवार को सौंपी। इस रिपोर्ट में धारदार हथियार से कटने का जिक्र किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, मृतक के शरीर के हिस्सों पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। जिससे पुलिस अनुमान लगा रही है कि संभवता युवक का सीधे गला काट दिया गया होगा। शव के मिले हिस्से को और बारीकी से जांचने के लिए अब उसे मधुबन स्थित लैब भेजा जाएगा। वहां से विस्तार से रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों के साथ दूसरी चीजों का सही पता चल पाएगा।
