Faridabad: फरीदाबाद और ग्रेटर फरीदाबाद में बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए डीएचबीवीएन (दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम) अपने स्टेशनों का लोड बढ़ाने जा रहा है। डीएचबीवीएन ने यह फैसला बीते शुक्रवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से निर्देश मिलने के बाद किया है। बता दें कि शहर के उद्यमियों ने मुख्यमंत्री से मिलकर आईएमटी(इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप) के बिजलीघर का लोड बढ़ाने की मांग की थी। उद्यमियों की शिकायत थी कि यहां स्थित बिजलीघर के सभी फीडर ओवरलोड हो चुके हैं। जिसकी वजह से बीते सात माह से यहां के उद्योगों को नया कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है। मुख्यमंत्री ने उस समय उद्यमियों के सामने ही अधिकारियों को बिजलीघरों के लोड की जांच कर उनकी क्षमता बढ़ाने का निर्देश दिया था। जिसके बाद डीएचबीवीएन ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिजली सब स्टेशन
बता दें कि फरीदाबाद और ग्रेटर फरीदाबाद के कई इलाकों में स्थित ज्यादातर बिजली घर इस समय ओवरलोड चल रहे हैं। इस समय सबसे बड़ी समस्या आईएमटी के उद्यमियों को है। यहां के सभी फीडर ओवरलोड हो चुके हैं। जिससे नया कनेक्शन नहीं मिल पा रहा। अब इस बिजली घर की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा फरीदाबाद के सेक्टर- 58 पावर स्टेशन, पाली और धौज बिजली सबस्टेशन की क्षमता बढ़ेगी। साथ ही ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-78, सेक्टर-18 की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी। इस समस्या से उपभोक्ताओं को तत्कालीन निजात दिलाने के लिए अभी 20 स्विचिंग स्टेशन बनाने का निर्णय लिया गया है। इस पर निगम की तरफ से कार्य भी शुरू कर दिया गया है। डीएचबीवीएन के इस पहल से लाखों उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा।
