Faridabad: अगर आप अपने शहर की खूबसूरती एक ही जगह पर बैठकर हजारों निगाहों से देखना चाहते हैं तो आपकी यह इच्छा फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड पूरी करेगी। स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने शहर के लोगों को पहली बार 1200 सीसीटीवी कैमरों से पूरे शहर को देखने का बड़ा मौका दिया है। शहर में अपराध और ट्रैफिक के साथ अन्य समस्याओं पर नजर रखने के लिए बने इंटिग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) को 25 जनवरी के दिन आम जनता के लिए खोला जा रहा है। सेक्टर-20 में स्थापित इस सेंटर को पहली बार आम लोगों के लिए खोला जा रहा है। यहां पहुंच कर शहर के लोग शहर पर नजर रखने की पूरी प्रक्रिया को देख व समझने के साथ 1200 सीसीटीवी की मदद से अपने शहर को भी देख सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार इस सेंटर को दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक आम लोगों के लिए खोला जा रहा है।
फरीदाबाद का इंटिग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर
बता दें कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत शहर में ट्रैफिक सिस्टम को दुरूस्त करने और अपराधों पर लगाम लगाने के लिए वर्ष 2019 में इस इंटिग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की स्थापना किया गया था। इसके तहत पूरे शहर में 1200 सीसीटीवी कैमरा लगाए गए हैं, जिनकी मदद से पूरे शहर पर एक ही जगह से नजर रखी जाती है। अधिकारियों के अनुसार ये सभी कैमरे शहर की 500 अगल-अलग लोकेशन पर लगे हैं। सेक्टर-20 ए में बने कंट्रोल रूम में दर्जनों बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगी हैं। यहां पर 24 घंटे पुलिस और स्मार्ट सिटी के अधिकारी की तैनाती होती है जो इन कैमरों की मदद से पूरे शहर की लाइव फोटो और विडियो देखते हैं। जहां कहीं भी ट्रैफिक जाम या अन्य कोई समस्या होती है, वहां की पहचान इन कैमरों की मदद से हो जाती है। इसके अलावा अपराधियों की पहचान भी इन कैमरों की मदद से की जाती है।
