Faridabad: फरीदाबाद की साइबर पुलिस को एक ठग गिरोह को पकड़ने में बड़ी कामयाबी मिली है। यह गिरोह फर्जी आधार व पैन कार्ड बनाकर बैंकों और फाइनेंस कंपनियों के साथ ठगी करता था। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने इस गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी अलग-अलग शहरों के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी आबिद, टीकम, विनीत, मुकेश तथा हरमेल गाजियाबाद के रहने वाले हैं। वहीं आरोपी साहिल और दीपक दिल्ली के रहने वाले हैं। फरीदाबाद डीसीपी नीतीश कुमार अग्रवाल ने बताया कि, यह गिरोह फर्जी कागजात तैयार कर बैंक व फाइनेंस कंपनियों को चपत लगाते थे।
साइबर ठगी करने वाले सात आरोपी गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)
फरीदाबाद पुलिस ने बताया कि, इन आरोपियों ने फरीदाबाद के एक व्यक्ति के साथ ठगी की थी। जिसके बाद अक्टूबर 2022 में धोखाधड़ी तथा षड्यंत्र की विभिन्न धाराओं के तहत साइबर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पता चला कि, इन आरोपियों ने पीड़ित व्यक्ति का पैन नंबर और आधार कार्ड का यूज कर एक फाइनेंस कंपनी से आईफोन फाइनेंस करवाया लिया। शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी तब हुई, जब वह बैंक से लोन लेने पहुंचा। वहां पर बताया गया कि, उसके नाम पर पहले ही एक मोबाइल का करीब 49 हजार रुपये का लोन चल रहा है। बैंक ने यह भी बताया कि लोन डिफॉल्ट हो चुका है अब उसे लोन नहीं मिल पाएगा।
