Faridabad: फरीदाबाद के एनआईटी-2 स्थित एक बैंक में सरेआम लूट का मामला सामने आया है। एक बदमाश बैंक कर्मचारी बनकर बैंक में घुसा और एक महिला से पांच लाख रुपये लूट कर फरार हो गया। महिला को अपने साथ हुई इस ठगी का एहसास आरोपी के वहां से फरार होने के बाद हुआ। जिसके बाद पीड़ित महिला ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बैंक के अंदर दिन दहाड़े हुए इस ठगी से हड़कंप मचा हुआ है।
फरीदाबाद में बैंककर्मी बनकर महिला से लाखों की ठगी (प्रतीकात्मक तस्वीर)
ठगी के इस मामले में एनआईटी-2 में रहने वाली महिला की तरफ पुलिस को शिकायत दी गई है। उन्होंने बताया कि, उनका रेडिमेड गारमेंट्स का शोरूम है, वे अपने बेटे के साथ दोपहर करीब 12 बजे बैंक में पांच लाख रुपये जमा कराने आईं थीं। बैंक में पता चला कि, सर्वर डाउन होने की वजह से पैसे जमा नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि, कुछ देर इंतजार के बाद उन्होंने बैंक प्रबंधक के ऑफिस के सामने बैठे एक व्यक्ति से पूछा कि, सर्वर कितनी देर में ठीक होगा। पीड़ित ने बताया कि, इसके बाद वह व्यक्ति प्रबंधक के ऑफिस में गया और वहां से आकर बोला, मैं तुम्हारे पैसे जमा करवा देता हूं।
