Faridabad News: प्रतिबंध के बावजूद शहर में पटाखों की खरीद-बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। जिले के बघोला गांव में ऐसे ही एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। गांव के पास मौजूद जंगल में दूर तक फैले पानी के बीच एक टापू पर गोदाम बनाकर करोड़ों रुपये कीमत के पटाखा बरामद किए गए है। गोदाम पर यह छापा केंद्रीय वस्तु एवं सेवाकर (सीजीएसटी) आयुक्तालय फरीदाबाद की टीम ने मारा था। यह टीम ट्रैक्टरों पर सवार होकर इस गोदाम पर पहुंची थी। इस गोदाम से अधिकारियों को करोड़ों रुपये कीमत के पटाखों के अलावा 50.80 लाख रुपये नगदी भी मिली है। हालांकि गोदाम संचालक मौके से फरार होने में सफल रहा। टीम ने गोदाम को सील कर जांच शुरू कर दी है।
गोदाम में रखे गए पटाखों के साथ सीजीएसटी की टीम
एडिशनल कमिश्नर इवेजन राजेश कुमार ने इस छापेमारी की जानकारी देते हुए बताया कि, जानकारी मिली थी कि, बघोला गांव के पास एक कंपनी ने जंग के बीच गोदाम बना रखा था। जहां से अवैध रूप में पटाखों की खरीद-बिक्री की जा रही थी। जिसके बाद 4 टीम गठित कर छापेमारी की गई। एडिशनल कमिश्नर ने बताया कि, गोदाम तक जाने का रास्ता काफी खराब था, इसलिए टीम ट्रैक्टरों पर सवार होकर वहां तक पहुंची। उस गोदाम में मौजूद कर्मचारी व अन्य टीम को आता देख पहले ही भाग गए थे। पूरा गोदाम पटाखों से भरा हुआ था। मौके पर मिले सारे पटाखों को जब्त कर गोदाम को सील कर दिया गया। गोदाम में बने एक कमरे से कई कागजात के साथ 50.88 लाख रुपए कैश में बरामद किए गए है।
बघोला गांव में मिले कंपनी के 21 गोदाम
एडिशनल कमिश्नर इवेजन ने बताया कि, यह गोदाम पटाखे बनाने वाली कंपनी के है। जांच में इस कंपनी के बघोला गांव के अलग-अलग जगहों पर 21 गोदाम पाए गए हैं। इन गोदाम को जंगल के बीच बनाया गया था। इन गोदामों से अवैध रूप में पटाखों का व्यापार कर जीएसटी चोरी की जा रही थी। यहां से कई राज्यों में पटाखों की सप्लाई होती थी। कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
