Faridabad: गर्मी की अभी शुरुआत है, लेकिन फरीदाबाद के कई इलाकों में पानी की किल्लत अभी से शुरू हो गई है। फरीदाबाद के मुजेसर, संजय कॉलोनी और सेक्टर-22, 23, 24 के ज्यादातर हिस्सों में बीते 10 दिनों से एक टाइम में पानी सप्लाई हो रहा है, इसके अलावा जवाहर कॉलोनी, डबुआ और पर्वतीय जैसी कई कॉलोनियों में कम पानी के साथ गंदे पानी की भी सप्लाई हो रही है। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत नगर निगम में की है। लोगों का आरोप है कि, शिकायत के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही है और गर्मी से पहले ही वे लोग पेयजल के लिए तरसने लगे हैं। वहीं, नगर निगम अधिकारियों का दावा है कि, निगम शहर की पेयजल सप्लाई को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, आने वाले एक से दो सप्ताह में लोगों को इस समस्या से निजात मिल जाएगी।
फरीदाबाद में पेयजल किल्लत
बता दें कि फरीदाबाद में नगर निगम और फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) मिलकर पानी की सप्लाई करते हैं। हालांकि अब दोनों मिलकर भी शहर की जरूरत के हिसाब से पानी नहीं उपलब्ध करा पा रहे हैं। जानकारी अनुसार, मार्च माह से ही शहर में पानी की डिमांड में जबरदस्त उछाल आया है। इस समय डिमांड ज्यादा और सप्लाई कम है। जिसकी वजह से कई कॉलोनियों और सेक्टरों की पानी सप्लाई में कटौती की जा रही है। निगम अधिकारियों के अनुसार फरीदाबाद में इस समय रोजाना पानी की मांग करीब 450 से 460 एमएलडी है। जबकि निगम और एफएमडीए मिलकर सिर्फ 350 एमएलडी पानी का सप्लाई ही कर पा रहे हैं। 100 एमएलडी का यह गैप लोगों के लिए मुसीबत पैदा कर रहा है। इससे परेशान लोगों का कहना है कि अगर उनकी समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो वे निगम ऑफिस का घेराव करेंगे।
