Faridabad : फरीदाबाद में डॉग पंजीकरण पॉलिसी लागू, देनी होगी इतनी फीस, जुर्माना भी भारी-भरकम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 21, 2023, 04:57 PM IST

Faridabad News: फरीदाबाद में डॉग पंजीकरण पॉलिसी को मंजूरी मिल गई है। अब निगम क्षेत्र में रहने वाले लोगों को एक माह के अंदर अपने पालतू कुत्ते का पंजीकरण कराना होगा। पहली बार पंजीकरण के लिए 1500 रुपये फीस निर्धारित की गई है। रजिस्‍ट्रेशन न कराने वाले से 15 हजार रुपये का भारी-भरकम जुर्माना वसूला जाएगा।

KEY HIGHLIGHTS
  • पहली बार पंजीकरण में 1500 फीस, दूसरे साल से 1000 रुपये
  • हर साल पंजीकरण का नवीनीकरण कराना अनिर्वाय
  • रजिस्‍ट्रेशन न कराने पर 15 हजार रुपये का जुर्माना

Faridabad News: लंबे इंतजार के बाद फरीदाबाद में डॉग पंजीकरण पॉलिसी लागू हो गई है। निगम आयुक्त ने इस पॉलिसी को मंजूरी दे दी। अब निगम क्षेत्र में रहने वाले लोगों को अपने पालतू कुत्ते का एक माह के अंदर पंजीकरण कराना होगा। लागू की गई पॉलिसी के अनुसार पहली बार पंजीकरण कराने पर लोगों को 1500 रुपये फीस देनी होगी। इसके बाद निगम जांच अभियान चलाएगा। इस दौरान बगैर रजिस्‍ट्रेशन के पालतु कुत्‍ता मिलने पर 15 हजार रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया जाएगा है। बता दें कि फरीदाबाद नगर निगम ने पालतू कुत्तों का पंजीकरण पहले ही अनिर्वाय कर रखा था, लेकिन अभी तक न तो फीस और जुर्माना जैसे प्रावधान थे और न ही निगम सख्‍ती कर रहा था।

Faridabad News

पालतु कुत्‍तों का पंजीकरण जरूरी

ऐसे में निगम को अपने क्षेत्र में मौजूद पालतू कुत्तों के बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल पा रही थे। जबकि बीते कुछ माह में पालतू कुत्तों द्वारा काटने की शिकायतें लगातार मिल रही थी। जिसके कारण निगम ने डॉग पंजीकरण पर पॉलिसी लाने की योजना तैयार की। नगर निगम की स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रभजोत कौर ने इस पॉलिसी का मसौदा बीते साल दिसंबर माह में ही तैयार कर निगम आयुक्त जितेंद्र दहिया को भेजा दिया था, जिसे अब मंजूरी मिल गई।

End of Feed