बल्लभगढ़-मंझावली रोड को मिलेगी नई पहचान; जल्द शुरू होगा पुनर्निर्माण, जुड़ेंगे 10 से अधिक गांव और यमुना पार क्षेत्र

बल्लभगढ़-मंझावली रोड का पुनर्निर्माण जल्द शुरू होने जा रहा है, जिससे 10 से अधिक गांवों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। इस सड़क की खराब स्थिति ने राहगीरों को लंबे समय से परेशान किया है, लेकिन अब PWD ने इसके निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है।

बल्लभगढ़-मंझावली रोड का पुनर्निर्माण जल्द शुरू होने जा रहा है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इसके निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है, और अगले माह से कार्य प्रारंभ होगा। इस परियोजना पर लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह आठ किलोमीटर लंबी सड़क बल्लभगढ़ को मंझावली गांव से जोड़ती है और इस मार्ग पर 10 से अधिक गांव स्थित हैं। यह सड़क स्मार्ट सिटी और यमुना पार के ग्रामीण क्षेत्रों के बीच आवागमन का एक प्रमुख माध्यम है।

Construction of the Ballabgarh-Manjhawali road soon

बल्लभगढ़-मंझावली रोड का पुनर्निर्माण जल्द होगा शुरू (सांकेतिक फोटो)

इसके अलावा, इसका रणनीतिक महत्व भी है क्योंकि यह दिल्ली-मथुरा रोड को मंझावली पुल के जरिए उत्तर प्रदेश से जोड़ती है। बीते कुछ वर्षों से इस सड़क की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे, क्षतिग्रस्त डामर सतह, बारिश में जलभराव और कीचड़ की समस्या ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इन प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते सड़क पर दुर्घटनाओं की संख्या भी बढ़ी है। इसके पुनर्निर्माण से लोगों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा। साथ ही, ये इस नाते भी जरूरी है क्योंकि ये मंझावली में ही फरीदाबाद, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम को जोड़ेगा।

End of Feed