Masaurhi, Patna News: बिहार में पटना जिले के मसौढ़ी में आपसी विवाद के बाद एक वृद्ध महिला को बोलेरो से कुचलने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में मौत हो गई। मृतका की पहचान धनरुआ थाना क्षेत्र के बीर गांव निवासी देवेंद्र प्रसाद की पत्नी अंजू देवी के रूप में हुई है।
पटना में आपसी विवाद में बुजुर्ग महिला को बोलेरो से कुचला
मृतका के पोते और बीटेक छात्र शुभम कुमार उर्फ बिट्टू ने इसे हत्या की नीयत से किया गया हमला बताया है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी चाकू से हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस अब दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
PMCH में इलाज के दौरान मौत
परिजनों के मुताबिक, कल यानी मंगलवार 29 सितंबर को सुबह अंजू देवी टहलने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान बोलेरो से उन्हें कुचलने की घटना हुई। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें PMCH रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घर पर मारपीट, फिर वृद्धा को कुचलने का आरोप
बीटेक छात्र शुभम कुमार का आरोप है कि कोयला कारोबारी सिंटू यादव, अजीत यादव सहित कुछ लोग उनके घर पहुंचे थे। वहां उनके माता-पिता और दादी के साथ मारपीट की गई। शुभम ने आरोप लगाया कि इसके बाद उनकी दादी को बोलेरो से कुचल दिया गया। घटना CCTV कैमरे में कैद होने की बात कही जा रही है। परिजनों की ओर से फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई है। हालांकि, घटना के पीछे की वजह और बोलेरो से कुचलने के आरोप की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।
दूसरे पक्ष का दावा
दूसरे पक्ष के अजीत कुमार ने भी पुलिस में लिखित शिकायत दी है। उनका आरोप है कि वह 5.16 लाख रुपये के बकाये की मांग करने गए थे। इसी दौरान शुभम कुमार, उसके पिता मनोज कुमार और छोटे भाई ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए।
पुलिस ने क्या कहा?
धनरुआ थानाध्यक्ष अमित कुमार के अनुसार, दोनों पक्षों की तरफ से शिकायत मिली है। मामले में FIR दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सबूतों की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियों और दोनों पक्षों के आरोपों की वास्तविकता साफ हो पाएगी।
