Azamgarh Tanker Fire: आजमगढ़ जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मालटारी-मिर्जापुर मार्ग पर हाइडिल के पास डीजल से लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर के बाद बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते टैंकर आग की चपेट में आ गया। हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई।
आजमगढ़ में भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की जलकर मौत
बिजली के खंभे से टकराते ही भड़की आग
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना सोमवार रात करीब 10:30 बजे हुई। टैंकर के बिजली के खंभे से टकराते ही आग भड़क उठी। डीजल से भरे वाहन में आग लगने के कारण कुछ ही समय में लपटें बेहद तेज हो गईं। आग इतनी विकराल थी कि आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम के साथ अग्निशमन विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक प्रयास करने के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद टैंकर की स्थिति बेहद क्षतिग्रस्त मिली। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
बुरी तरह झुलस गए थे शव
पुलिस क्षेत्राधिकारी सगड़ी देशराज सिंह ने बताया कि टैंकर में सवार तीन लोगों की हादसे में मौत हुई है। आग की तीव्रता के कारण शव इतनी बुरी तरह झुलस गए कि उनकी तत्काल पहचान नहीं हो सकी। मंगलवार सुबह कटर की मदद से टैंकर को काटकर उसके अंदर फंसे चालक और खलासी के जले हुए अवशेष बाहर निकाले गए। पुलिस ने तीनों मृतकों के अवशेष पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल, आजमगढ़ भेज दिए हैं। हादसे में बिजली का खंभा भी क्षतिग्रस्त हुआ, जिसके चलते आसपास के कई गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
