Delhi Hari Nagar Woman Death: पश्चिमी दिल्ली के हरि नगर इलाके में बुधवार को एक महिला ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली और फिर इमारत की तीसरी मंजिल से कूद गई जिससे उसकी मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि वह वैवाहिक विवादों और अपने बच्चे के संरक्षण को लेकर तनाव में थी।
दिल्ली के हरि नगर में 23 वर्षीय महिला की मौत से हड़कंप (प्रतीकात्मक फोटो)
आग की लपटों में घिरी महिला ने तीसरी मंजिल से कूदी
पुलिस को एक फोन कर सूचना दी गई कि आग की लपटों में घिरी हुई एक महिला इमारत की तीसरी मंजिल से कूद गई है। पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन स्थानीय लोगों द्वारा उसे पहले ही दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया जा चुका था। पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान लक्ष्मी के रूप में हुई, जिसे अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
पिता के साथ रह रही थी लक्ष्मी
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "लक्ष्मी के पिता जहान सिंह ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने राजेंद्र से शादी की थी और दंपत्ति का एक बेटा है। साल 2023 में दोनों के बीच वैवाहिक विवाद हो गया, जिसके बाद लक्ष्मी अपने पिता के साथ हरि नगर के एक घर में रह रही थी।" उसके पिता के बयान के अनुसार, वह उत्तम नगर में एक कपड़े की दुकान में काम करती थी, लेकिन घटना से चार-पांच दिन पहले उसने अपनी नौकरी छोड़ दी थी।
बच्चे की कस्टडी को लेकर तनाव
पिता ने पुलिस को बताया कि लक्ष्मी काफी तनाव में थी, खासकर अपने बच्चे की कस्टडी को लेकर। पुलिस ने कहा कि उन्होंने घटना को लेकर किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया। क्राइम ब्रांच की एक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के हिस्से के रूप में सबूत जुटा लिए। इस निरीक्षण के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मामले की हर एंगल से जांच जारी
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कार्यवाही शुरू की गई है, जो संदिग्ध या अप्राकृतिक मौतों से संबंधित है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि वे घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं, और महिला की मौत की सटीक परिस्थितियों का पता पोस्टमार्टम और जांच पूरी होने के बाद लग पाएगा।
