दिल्ली : दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) के चुनाव 18 सितंबर को होंगे और मतों की गिनती अगले दिन यानी 19 सितंबर को होगी। डीयू ने गुरुवार को अधिसूचना जारी की है। डीयू रजिस्ट्रार के हस्ताक्षर वाली अधिसूचना के अनुसार नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 10 सितंबर निर्धारित की गई है। अधिसूचना के अनुसार, 500 रुपये के डिमांड ड्राफ्ट और हलफ़नामे के साथ नामांकन पत्र 10 सितंबर को दोपहर तीन बजे जमा किये जा सकते हैं।
दिल्ली यूनिवर्सिटी (फोटो-Twitter)
अधिसूचना के मुताबिक, उसी दिन दोपहर सवा तीन बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी और उसके बाद शाम छह बजे तक सही तरीके से नामित किए गए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी। अधिसूचना के अनुसार, उम्मीदवार 11 सितंबर तक अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकते हैं। उम्मीदवारों की आखिरी सूची उसी दिन अपराह्न पांच बजे प्रकाशित की जायेगी। डूसू चुनाव के लिए मतदान 18 सितंबर को होगा। सुबह की पाली वाले विद्यार्थी प्रात: साढ़े आठ बजे से अपराह्न एक बजे तक मतदान कर सकेंगे। संध्या पाली वाले विद्यार्थी दोपहर तीन बजे से शाम सात बजे तक वोट डाल पायेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - VIDEO: 'RSS की अभिव्यक्ति की करूंगा रक्षा...', PM मोदी को घेरते-घेरते ये क्या बोल गए राहुल गांधी
19 सितंबर को होगी मतों की गिनती
विश्वविद्यालय ने कहा है कि डूसू के पदाधिकारियों के लिए नामांकन पत्र उत्तरी परिसर में वनस्पति शास्त्र विभाग के सामने ’कॉन्फ्रेंस सेंटर’ में मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय में जमा किए जाने हैं। डूसू केंद्रीय परिषद के सदस्यों के लिए नामांकन पत्र संबंधित महाविद्यालयों, विभागों और संस्थानों से प्राप्त किए जा सकते हैं। अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि सभी नामांकन पत्र दिल्ली विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं।
चुनाव डूसू आचार संहिता, डूसू संविधान और अदालत के संबंधित निर्देशों के अनुसार कराए जाएंगे। इन निर्देशों में उच्चतम न्यायालय की लिंगदोह समिति की सिफारिशें और दिल्ली उच्च न्यायालय एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण के बाद के आदेश भी शामिल हैं।
