Delhi News: राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर में एक होटल में लगी आग में 21 लोगों की मौत की घटना को लोग अभी भूल भी नहीं पाए हैं। इस बीच तुगलकाबाद इलाके में आज यानी शुक्रवार 12 जून को तड़के एक इमारत में भीषण आग लग गई। आग लगने की इस घटना में कम से कम तीन लोगों की मौत हो चुकी है। आग लगने के बाद इमारत में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अंदर फंस गए। Fire Brigade और राहत-बचाव दल ने समय रहते कार्रवाई करते हुए छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दिल्ली के तुगलकाबाद में लगी भीषण आग, तीन की मौत (सांकेतिक तस्वीर)
तुगलकाबाद में कहां लगी थी आग?
दिल्ली पुलिस और दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अनुसार, आग तुगलकाबाद के मध्यम मार्ग स्थित नया तारा अपार्टमेंट के पास गली नंबर-1 में स्थित एक इमारत में लगी। यह इमारत ग्राउंड फ्लोर सहित पांच मंजिला थी और संकरी गली में होने के कारण बचाव अभियान में काफी दिक्कतें आईं।
तुगलकाबाद में कब लगी आग
दमकल विभाग को शुक्रवार 12 जून की रात 2:35 बजे से 2:37 बजे के बीच लगातार कई कॉल मिलीं, जिनमें इमारत में आग लगने और लोगों के फंसे होने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ओखला फायर स्टेशन-1 की टीम एक्टिव हो गई और मौके पर तीन फायर टेंडर, दो वाटर बाउजर, एक ब्रीदिंग सपोर्ट यूनिट और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल भेजा गया। बाद में दमकल की अतिरिक्त गाड़ियां भी मौके पर बुलाई गईं।
दिल्ली फायर सर्विस के सहायक मंडल अधिकारी (ADO) यशवंत सिंह मीणा के नेतृत्व में दमकलकर्मियों ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। उनके साथ स्टेशन ट्रेनिंग ऑफिसर मुकुल भारद्वाज, स्टेशन ऑफिसर समर्थ लाल और राज कुमार भी मौजूद रहे।
तुगलकाबाद आग में हीरो स्थानीय लोग
आग लगने की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए लोगों को रेस्क्यू किया। कुछ महिलाओं ने लोगों को पिछले गेट से बाहर निकाला और साड़ी फेंक कर लोगों को वहां से निकाला।
तुगलकाबाद की बिल्डिंग में कैसे लगी आग?
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग की शुरुआत घर के अंदर खड़े वाहनों से हुई थी। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और धुआं ऊपरी मंजिलों तक फैल गया। इसके चलते कई लोग अंदर फंस गए।
दमकलकर्मियों ने जोखिम उठाते हुए एक-एक कर लोगों को बाहर निकाला। अधिकारियों के अनुसार, कम से कम आठ घायलों को पहले ही बाहर निकालकर AIIMS ट्रॉमा सेंटर भेजा गया था। बाद में छह लोगों को दिल्ली फायर सर्विस की टीम ने सुरक्षित बचाया और उन्हें केंद्रीय दुर्घटना एवं ट्रॉमा सेवा (CATS) की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
क्या आग पर काबू पा लिया गया है?
करीब 3:45 बजे आग पर काबू पा लिया गया और सुबह 4 बजे दमकल विभाग ने ऑपरेशन पूरा होने की घोषणा कर दी। हालांकि, इसके बाद भी तलाशी और बचाव अभियान जारी रखा गया।
इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आग लगने के कारणों की विस्तार से जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या वाहन में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मालवीय नगर की घटना भूले नहीं अभी
ज्ञात हो कि मालवीय नगर के एक होटल में 3 जून को भीषण आग लगी थी। यहां सिर्फ 6 कमरों की अनुमति मिलने के बावजूद 25 कमरों का होटल चल रहा था। बेसमेंट में बने रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी 6 मंजिला बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया था। उस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी, जिनमें कई विदेशी शामिल थे।
