Delhi News: INDIA गठबंधन के विरोध मार्च के मद्देनजर दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए आज, 12 अक्टूबर 2026 को कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, सुबह 6 बजे से हालात के हिसाब से यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। कई प्रमुख चौराहों और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे जरूरी काम होने पर ही प्रभावित इलाकों से गुजरें। रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी या एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है, खासकर अगर उनका रास्ता नई दिल्ली या मध्य दिल्ली से होकर गुजरता है।
रेलवे स्टेशन, ISBT और एयरपोर्ट जाने वाले यात्री रखें खास ध्यान (प्रतीकात्मक फोटो)
इन इलाकों में प्रभावित हो सकता है ट्रैफिक
ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, शंकर रोड-वंदे मातरम टी-प्वाइंट से नई दिल्ली की ओर, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान गोल चक्कर, पंचकुइयां गोल चक्कर, मंडी हाउस गोल चक्कर, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मिंटो रोड और दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा गुरु नानक चौक, चेम्सफोर्ड रोड-आउटर सर्कल कनॉट प्लेस टी-प्वाइंट, भरों रोड-एमजीएम (रिंग रोड) टी-प्वाइंट, लोधी रोड फ्लाईओवर और नीला गुंबद गोल चक्कर के आसपास भी ट्रैफिक नियंत्रित किया जा सकता है।
इन प्रमुख रास्तों पर भी रहेगी नजर
एडवाइजरी में मदरसा टी-प्वाइंट, सम्राट होटल गोल चक्कर, सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग, भीकाजी कामा प्लेस अंडरपास, मोती बाग फ्लाईओवर के नीचे, रिंग रोड-सेंट मार्टिन मार्ग टी-प्वाइंट और अशोका रोड-जंतर मंतर रोड गोल चक्कर को भी शामिल किया गया है। इसके साथ ही विंडसर पैलेस गोल चक्कर, टॉलस्टॉय मार्ग-जनपथ क्रॉसिंग, रेल भवन गोल चक्कर, जय सिंह रोड-संसद मार्ग क्रॉसिंग, कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल पर बाराखंभा रोड टी-प्वाइंट, गोल डाकखाना गोल चक्कर, पटेल चौक गोल चक्कर, जय सिंह रोड-अशोका रोड टी-प्वाइंट, आरएमएल अस्पताल गोल चक्कर और संसद मार्ग टी-प्वाइंट के आसपास भी यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
ट्रैफिक पुलिस की लोगों से अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा पहले से प्लान करें और प्रभावित सड़कों पर जाने से बचें। पुलिस के मुताबिक, ट्रैफिक व्यवस्था मौके के हालात को देखते हुए बदली जा सकती है। जरूरत के हिसाब से डायवर्जन लागू किए जाएंगे या उनमें राहत दी जाएगी। ऐसे में वाहन चालकों को पुलिस के निर्देशों का पालन करने और सफर के लिए अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी गई है।
