Delhi Traffic Advisory: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आज यानी 8 अप्रैल को आईपीएल मैच (IPL Match 2026) होने वाला है। जिसमें दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स की टीम आमने-सामने होंगी। यह मैच शाम 7 बजे से शुरू होकर रात करीब 10:30 बजे तक चलेगा। जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट फैन स्टेडियम पहुंचेंगे। ऐसे में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस मैच को लेकर खास ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, ताकि स्टेडियम के आसपास भीड़ और जाम की स्थिति से बचा जा सके। अगर आप भी आज अरुण जेटली स्टेडियम में IPL मैच देखने के लिए जा रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ये खबर जरूर पढ़ लें।
सांकेतिक फोटो
दिल्ली में किन रास्तों पर डायवर्जन लागू
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मैच के चलते कई सड़कों पर डायवर्जन लागू किया है और कई रास्तों पर रोक लगाई है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक स्टेडियम के आसपास के मार्गों पर खास इंतजाम लागू रहेंगे। इस दौरान कई जगहों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है। साथ ही भारी और कमर्शियल वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई गई है। इस समय अवधि के दौरान दरियागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग और गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड तक ऐसे वाहनों की एंट्री नहीं होगी।
इन रास्तों पर भारी वाहनों की एंट्री पर रोक
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार मैच के चलते कुछ मुख्य सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा। जिसमें बहादुरशाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग और आसफ अली रोड पर डायवर्जन लगाया गया है। वहीं राजघाट से दिल्ली गेट और कमला मार्केट गोलचक्कर तक JLN रोड पर ट्रैफिक काफी धीमा रह सकता है। इसके अलावा तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट और दिल्ली गेट से रामचरण अग्रवाल चौक तक भी वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी। इन रास्तों पर भारी और कॉमर्शियल वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह रोक रहेगी।
स्टेडियम में अलग-अलग गेटों से होगी एंट्री
स्टेडियम में लोगों की एंट्री के लिए अलग-अलग गेट तय किए गए हैं। गेट नंबर 1 से 8 के लिए बहादुरशाह जफर मार्ग से प्रवेश होगा। गेट नंबर 10 से 15 के लिए जेएलएन मार्ग से प्रवेश दिया जाएगा। वहीं गेट नंबर 16 से 18 के लिए पेट्रोल पंप के पास से अंदर जाना होगा। दर्शकों से कहा गया है कि वे अपने टिकट पर लिखे गेट से ही स्टेडियम के अंदर जाएं। जिससे कोई असुविधा उन्हें न हो।
स्टेडियम के पास इन गाड़ियों की पार्किंग पर रोक
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार गाड़ियों की पार्किंग को लेकर भी सख्ती की गई है। स्टेडियम के पास आम लोग गाड़ी खड़ी नहीं कर सकेंगे। यहां सिर्फ उन गाड़ियों की पार्किंग की अनुमति होगी, जिनके पास वैध पार्किंग लेबल होगा। पी-1, पी-2, पी-3 और पी-4 जैसे तय स्थानों पर ही पार्किंग की सुविधा होगी। बिना लेबल वाली गाड़ियों को स्टेडियम के आसपास आने नहीं दिया जाएगा। इस दौरान नियम का पालन न करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका वाहन टो भी किया जा सकता है।
