Delhi Demolition Drive: दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में देर रात प्रशासन की ओर से की गई एक बड़ी डिमोलिशन कार्रवाई की गई। सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट के तहत मैक्स हॉस्पिटल रोड और उसके आसपास बने अवैध ढांचों पर बुलडोजर चलाया गया। इस दौरान मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। देर रात हुई इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया है।
शालीमार बाग में आधी रात चला बुलडोजर
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी रोड को चौड़ा करने के लिए पहले भी कई बार डिमोलिशन अभियान चलाया जा चुका है। लेकिन इस बार की कार्रवाई रात के अंधेरे और भारी पुलिस सुरक्षा के बीच की गई, जिससे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कार्रवाई के दौरान कई छोटे-बड़े ढांचे और मकानों के हिस्से ढहा दिए गए।
AIMIM नेता शोएब जमई का तीखा हमला
डिमोलिशन की जानकारी मिलते ही AIMIM के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष शोएब जमई मौके पर पहुंचे और प्रशासन की इस कार्रवाई के खिलाफ कड़ा मोर्चा खोला। उन्होंने इस डिमोलिशन को पूरी तरह से असंवैधानिक और गैर-कानूनी बताया। शोएब जमई ने आरोप लगाते हुए कहा, "जिस तरह उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रात के अंधेरे में मस्जिद और ढांचों पर बुलडोजर चलाया गया था, उसी तरह की कार्रवाई दिल्ली के शालीमार बाग में भी की गई। दिल्ली को सहारनपुर पार्ट-2 नहीं बनने दिया जाएगा।" इस दौरान मौके पर मदीना मस्जिद के इमाम और मस्जिद कमेटी के सदस्य भी मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन की इस आधी रात की कार्रवाई पर गहरी नाराजगी जाहिर की।
प्रशासन का पक्ष और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दूसरी ओर, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह से वैध है और सड़क चौड़ीकरण के लिए यह कदम उठाना जरूरी था, ताकि इलाके में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिल सके। इस डिमोलिशन के बाद किसी भी तरह के तनाव, विरोध प्रदर्शन या कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने से निपटने के लिए पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
