Delhi Murder News: दिल्ली के सीलमपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां एक नाबालिग लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वह टलने के लिए घर से निकला था, इसी दौरान हमलावरों ने उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान लक्की के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। अभी तक हत्या की वजह का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हमलावरों ने चाकू से किया ताबड़तोड़ वार
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब 8:30 बजे गौतमपुरी इलाके की है। लक्की रात को खाना खाने के बाद घर से बाहर टहलने के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि जब वह गौतमपुरी गली नंबर-4 स्थित एक नाई की दुकान के पास पहुंचा, वहां पहले से कुछ युवक घात लगाकर खड़े थे। उसके पास पहुंचते ही अज्ञात हमलावरों ने उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने नाबालिग पर कई बार चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया। जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
हमलवारों की पहचान के लिए CCTV फुटेज की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सीलमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के साथ क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। साथ ही मौके से सबूत भी जुटाए गए। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस इस मामले में में पुलिस आपसी रंजिश और पुरानी दुश्मनी सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
