Delhi RK Puram Road Accident News: दिल्ली के आरके पुरम इलाके में तेज रफ्तार का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कार ने सड़क पर जा रही बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीट दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कार के साथ बाइक फंसी हुई है और कार उसे सड़क पर घसीटते हुए आगे बढ़ रही है। वीडियो में कार एक बुजुर्ग व्यक्ति चला रहे हैं। सड़क से गुजर रहे लोगों ने कार को रोककर चालक को आगे जाने से रोका।
दिल्ली के आरके पुरम इलाके में बाइक को 100 मीटर तक घसीटती रही कार।
पुलिस ने जानकारी दी कि 17 सितंबर को रात लगभग 10:00 बजे अफ्रीका एवेन्यू रोड पर भीकाजी कामा प्लेस से आरके पुरम मेट्रो स्टेशन की ओर जाते समय एक सड़क दुर्घटना हुई। जांच में पता चला कि मुनीरका गांव निवासी लगभग 21 वर्षीय तनिष टोकस सड़क किनारे खड़ी अपनी काले रंग की मोटरसाइकिल पर बैठा था। वसंत कुंज निवासी लगभग 73 वर्षीय वेणु गोपाल द्वारा चलाई जा रही नीले रंग की कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण तनिष टोकस मोटरसाइकिल से गिर गया। इसके बाद कार मोटरसाइकिल को कुछ दूर तक घसीटती रही। गनीमत रही कि तनिष टोकस स्वयं कार की चपेट में नहीं आया। उसकी मेडिकल चेकअप की गई और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई।
ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने आगे जानकारी दी कि इस संबंध में आरके पुरम पुलिस स्टेशन में धारा 281/125(ए) बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। जांच के दौरान, दुर्घटना में शामिल नीले रंग की कार को जब्त कर लिया गया है और आरोपी चालक वेणु गोपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की चिकित्सकीय जांच भी की गई और उसमें शराब का कोई अंश नहीं पाया गया।
जांच मे जुटी पुलिस
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बाइक कार के नीचे कैसे फंसी और घटना के समय बाइक सवार की स्थिति क्या थी। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
