Delhi Police की महिला हेड कांस्टेबल ने एक साल में खोजे 119 लापता बच्चे, समय से पहले बनीं प्रमोशन की हकदार

दिल्ली पुलिस की हेड कांस्टेबल चंचल ने एक साल में 119 लापता बच्चों को खोजकर परिवारों से मिलाया। इस उपलब्धि के बाद वह आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन के लिए योग्य हो गई हैं।

बच्चा जब घर से लापता हो जाता है, तो उसके माता-पिता पर क्या गुजरती है, इसे शब्दों में बयां करना आसान नहीं है। ऐसे ही परेशान परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौटाने का काम दिल्ली पुलिस की एक महिला हेड कांस्टेबल ने किया है। जैतपुर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल चंचल यादव (Chanchal Yadav) ने महज एक साल में 119 लापता बच्चों को खोजकर उनके परिवारों से मिलाया है। उनकी इस उपलब्धि के चलते वह आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन यानी तय समय से पहले प्रमोशन पाने की हकदार बन गई हैं।

Chanchal Yadav, Delhi Police

दिल्ली पुलिस की महिला हेड कांस्टेबल चंचल यादव (तस्वीर साभार- ANI)

एक साल में खोजे 119 लापता बच्चे

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के दक्षिण-पूर्व जिले के डीसीपी उत्कर्ष ने चंचल यादव के काम की सराहना की है। उनके मुताबिक, चंचल यादव ने पिछले साल नवंबर से अब तक 119 लापता बच्चों का पता लगाया और उन्हें उनके परिवारों तक पहुंचाया। इन बच्चों में 41 बच्चे ऐसे थे, जिनकी उम्र 14 साल से कम थी। सबसे छोटे बच्चे की उम्र करीब तीन साल थी। इस अभियान के दौरान चंचल ने सिर्फ दिल्ली में ही नहीं, बल्कि देश के करीब 7 से 8 राज्यों में बच्चों की तलाश की। इनमें झारखंड और बिहार जैसे राज्य भी शामिल हैं। अलग-अलग जगहों पर बच्चों का पता लगाने के लिए उन्होंने लगातार मेहनत की।

End of Feed