Delhi News: दिल्ली की बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त सफर से जुड़ी पुरानी व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। दिल्ली सरकार ने घोषणा की है कि जल्द ही 'पिंक टिकट' प्रणाली को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं से अपील की है कि जिन यात्रियों ने अभी तक अपना 'पिंक कार्ड' नहीं बनवाया है, वे 17 सितंबर तक हर हाल में आवेदन कर लें। 17 सितंबर की तय समयसीमा बीत जाने के बाद पुराना पिंक टिकट सिस्टम खत्म कर दिया जाएगा और केवल पिंक कार्ड धारक महिलाएं ही मुफ्त सफर का लाभ उठा सकेंगी।
50 नई ई-बसें और धौला कुआं-रेवाड़ी रूट शुरू
50 नई ई-बसें और देश का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक बस बेड़ा
पिंक कार्ड की इस महत्वपूर्ण घोषणा के साथ ही मुख्यमंत्री ने दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को और अधिक आधुनिक व प्रदूषण-मुक्त बनाने के लिए कई नई पहलों का उद्घाटन किया। सड़कों पर 50 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई गई। दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन बेड़े में अब कुल बसों की संख्या लगभग 6,840 हो गई है, जिनमें 5,088 इलेक्ट्रिक और 1,752 सीएनजी (CNG) बसें शामिल हैं। दिल्ली के पास अब देश का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक बस बेड़ा है। सरकार की योजना 2028-29 तक कुल बसों की संख्या बढ़ाकर 14,000 करने की है। नई ई-बसों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे और पैनिक बटन जैसी सुविधाएं दी गई हैं।
धौला कुआं से रेवाड़ी ई-बस सेवा: महज ₹153 में सफर
दिल्ली और हरियाणा के बीच दैनिक यात्रियों के सुगम सफर के लिए धौला कुआं से रेवाड़ी के बीच नई अंतरराज्यीय ई-बस सेवा शुरू की गई है। यह बस धौला कुआं से शुरू होकर गुरुग्राम, मानेसर और धारूहेड़ा होते हुए रेवाड़ी पहुंचेगी। लगभग 86 किलोमीटर की इस यात्रा के लिए 153 रुपये का किराया तय किया गया है। इसके साथ ही चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करते हुए हसनपुर और गाजीपुर में दो नए ईवी चार्जिंग स्टेशन खोले गए हैं। इन दोनों स्टेशनों पर चार-चार 240-kW के हैवी चार्जर्स लगाए गए हैं जो कारों के साथ-साथ भारी व्यावसायिक वाहनों को भी चार्ज कर सकते हैं।
तहखंड डिपो में 4-लेन ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन
वाहनों की फिटनेस जांच प्रक्रिया को पारदर्शी और तेज बनाने के लिए डीटीसी (DTC) के तहखंड डिपो में एक आधुनिक ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (ATS) का उद्घाटन किया गया। यह 4-लेन सुविधा प्रति वर्ष 72,000 वाहनों (भारी वाहन, हल्के मोटर वाहन और दोपहिया) की जांच कर सकती है। ब्रेक, सस्पेंशन, हेडलाइट्स और एमिशन (उत्सर्जन) की स्वचालित जांच से मानवीय हस्तक्षेप कम होगा।
परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बताया कि सरकार का लक्ष्य सार्वजनिक परिवहन को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाना है। वहीं मुख्यमंत्री ने दिल्ली भर के पुराने बस शेल्टर्स को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ मॉडर्न बनाने की भी घोषणा की।
