दिल्ली इतनी असुरक्षित क्यों? 15 दिन में 807 लोग गायब, केजरीवाल ने पूछा-क्या कर रही 4 इंजन वाली सरकार

दिल्ली में प्रतिदिन 13 बच्चे लापता हो जाते हैं, और लड़कियां सबसे अधिक असुरक्षित बनी हुई हैं। आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी 2026 के पहले 15 दिनों में ही 800 से अधिक लोग लापता हो गए। दिल्ली पुलिस के आंकड़े चिंताजनक हैं, जो दिल्ली भर के परिवारों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इस गंभीर मुद्दे पर 'आप' संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मौजूदा सरकार पर निशाना साधा है।

दिल्ली : दिल्ली में न सिर्फ अपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, बल्कि बड़ी तादात में लोग गायब भी हो रहे हैं। इनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या सबसे अधिक है। दिल्ली में रोजाना करीब 54 लोगों के गायब होने पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी में लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है। मात्र 15 दिनों में 807 लोगों का गायब होना चौपट हो चुकी सुरक्षा व्यवस्था का उदाहरण है। भाजपा की चार इंजन की सरकार को देश की राजधानी दिल्ली में लोगों की सुरक्षा की चिंता नहीं है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता से सर्तक और सावधान रहने की भी अपील की है।

Arvind Kejriwal

'आप' संयोजक अरविंद केजरीवाल (फोटो-@ArvindKejriwal)

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर मीडिया रिपोर्ट साझा करते हुए कहा कि दिल्ली में सिर्फ 15 दिन में 807 लोग गायब हो गए, जिनमें सबसे ज्यादा महिलाएं और बच्चे हैं। ये हालात सामान्य नहीं, बेहद डराने वाले हैं। देश की राजधानी में लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है। दिल्ली में हर स्तर पर भाजपा के पास पूरी ताकत है, फिर भी दिल्ली इतनी असुरक्षित क्यों है?

End of Feed