Delhi News: पूर्वी दिल्ली के निर्माण विहार इलाके में स्थित एक शिव मंदिर में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। प्रीत विहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस मंदिर से चोरों ने करीब 25 लाख रुपये की कीमत का चांदी का शिवलिंग चुरा लिया। चोरों ने गर्भगृह में लगे सीसीटीवी को भी तोड़ने की कोशिश की, इस तोड़फोड़ और चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
परिसर में घूमते और कैमरा तोड़ने की कोशिश के दौरान सीसीटीवी फुटेज का स्क्रीनग्रैब
CCTV में कैद हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, दो चोर पार्क के अंदर बने रास्ते से मंदिर परिसर में दाखिल हुए। मंदिर में प्रवेश करने के बाद एक चोर ने सीसीटीवी कैमरे को तोड़ने की कोशिश भी की, हालांकि कैमरा पूरी तरह बंद नहीं हुआ और वारदात रिकॉर्ड हो गई। इसके बाद दोनों चोर मंदिर में स्थापित चांदी के शिवलिंग को चोरी कर आराम से मौके से फरार हो गए।
पुलिस कर रही जांच
सुबह जब मंदिर के ट्रस्टी पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्हें शिवलिंग गायब मिला। शक होने पर जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो चोरी की पूरी घटना सामने आ गई। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दोनों चोर बिना किसी जल्दबाजी के मंदिर में घुसते हैं और चोरी कर निकल जाते हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रीत विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस आसपास के इलाकों के कैमरों की भी जांच कर रही है।
