Delhi News: राजधानी के सीलमपुर इलाके में हत्या की एक बड़ी वारदात सामने आई है। रंजिश में छह लोगों ने मिलकर एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी है। इस हत्याकांड में एक महिला भी शामिल थी। हत्या के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने जांच करते हुए कुछ ही घंटे बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ये तीनों नाबालिग हैं। वहीं, मृतक की पहचान समीर खान (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मृतक के परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली में झगड़े का बदला लेने के लिए युवक की चाकू घोंप हत्या ( Representative Image)
मृतक का परिवार न्यू सीलमपुर में रहता है। परिवार में पिता यासीन खान, मां, दो बहनें व चार भाई हैं। पिता यासीन घर से कुछ दूरी पर ही चाय की दुकान चलाते हैं। यह दुकान 24 घंटे खुली रहती है और इस पर परिवार के सभी सदस्य बारी-बारी से बैठते हैं। मृतक समीर के ताऊ कय्यूम ने पुलिस पूछताछ में बताया कि, रात को समीर अपने दादा मंसूर अहमद के साथ इस दुकान पर बैठा था। तभी वहां पर जनता कॉलोनी के रहने वाले करीब छह लोग पहुंचे, इनमें एक युवती भी थी। ये सभी समीर को बातचीत के बहाने अपने साथ दुकान से कुछ दूरी पर ले गए और वहां पर चाकू से हमला बोलकर हत्या कर दी।
छोटे भाई से हुए झगड़े का लिया बदला
मृतक के दादा ने बताया कि, उसने जब समीर के चिल्लाने की आवाज सुनी तो शोर मचा दिया। शोर सुनकर आरोपी मौके से भाग गए। जिसके बाद घायल समीर को स्वजन जग प्रवेश चंद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभी तक की जांच में पता चला है कि, कुछ महीने पहले मृतक समीर के छोटे भाई का जनता कॉलोनी के कुछ युवकों से झगड़ा हुआ था, मारपीट के इस मामले में भाई व कुछ अन्य लड़के अभी जेल में बंद हैं। आरोप है कि, उसी झगड़े का बदला लेने के लिए दूसरे पक्ष के लोगों ने समीर की हत्या कर दी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
