दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात, उफनाई यमुना के चलते पुराना लोहे का पुल बंद; प्रशासन ने बनाए राहत शिविर

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। हथनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी के कारण जलस्तर 206 मीटर से ऊपर पहुंचने की संभावना है। प्रशासन ने एहतियातन पुराने लोहे के पुल को बंद कर दिया है, लोगों को निचले इलाकों से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।

Delhi Flood Alert: दिल्ली में हो रही लगातार मूसलधार बारिश से यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। हरियाणा के हथनीकुंड बैराज से तीन लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद मंगलवार को जलस्तर 206 मीटर से ऊपर पहुंचने की संभावना जताई गई है। स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने यमुना किनारे आवाजाही पर रोक लगा दी है और पुराने लोहे के पुल को बंद करने का फैसला लिया है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है और पुलिस ने लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है।

Delhi iron bridge - ANI

दिल्ली में पुराना लोहे का पुल आज शाम से बंद (ANI)

डायवर्ट रूट का करें इस्तेमाल

यमुना में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पुराना लोहे के पुल को आज यानी 2 सितंबर की शाम 04:00 बजे से अगले आदेश तक के लिए बंद किया गया है। इस दौरान यातायात और आम जनता की आवाजाही यहां से नहीं होगी। यातायात को हनुमान सेतु, राजा राम कोहली मार्ग और गीता कॉलोनी रोड से डायवर्ट किया जाएगा। पुराने लोहे के पुल और आसपास के इलाकों से बचने की सलाह दी गई है। लोग सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और पर्याप्त समय लेकर यात्रा की योजना बनाएं।

End of Feed