दिल्ली

दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, वाहन चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 8 गाड़ियां बरामद

Delhi News: दिल्ली पुलिस को वाहन चोरी के मामले में बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर वाहन चोरी करने वाले दो आरोपियों को शाहदरा से गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने गोदामों से चोरी की गई कई गाड़ियां भी बरामद की।

Image

दिल्ली पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले 2 लोगों को गिरफ्तार किया (Photo - Canva)

Delhi News: दिल्ली पुलिस की टीम ने वाहन चोरों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की और शाहदरा से दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की 8 गाड़ियां भी बरामद की है। शाहदरा के पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान रवि कुमार (29) और सुरेश (35) के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना के आधार पर की कार्रवाई

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर क्षेत्र में मोटर वाहन चोरी रोकने के लिए शाहदरा जिले में गठित की गई पुलिस की विशेष टीम ने कृष्णा नगर थाने के अंतर्गत कांति नगर रेड लाइट पर छापा मारा। ऑपरेशन के दौरान एक ट्रक को रोका गया और जांच करने पर उसमें से दो स्कूटर और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई, जो चोरी की प्रतीत हुईं। इसके बाद पुलिस ने ट्रक ड्राइवर सुरेश से पूछताछ शुरू की। पुलिस की पूछताछ में उन्हें एक गोदाम के बारे में पता लगा, जहां चोरी की और गाड़ियां रखी गई थी।

गोदाम में मिली चोरी की कई गाड़ियां

पुलिस ड्राइवर द्वारा मिली जानकारी के आधार पर तुरंत ए-13, हर्ष देव पार्क, बुद्ध विहार, दिल्ली स्थित उस जगह पहुंची, जहां मालिक रवि कुमार मौजूद था। गोदाम की तलाशी के दौरान पुलिस को एक चोरी की मोटरसाइकिल, छह बदले हुए इंजन और इंजन/चेसिस नंबर बदलने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक ग्राइंडर मिला। इसके बाद पुलिस ने हर्ष देव पार्क, बुद्ध विहार, दिल्ली स्थित दूसरे गोदाम पर भी छापा मारा, जहां से चार और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।

वाहन चोरी के आरोप में दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान रवि कुमार ने बताया कि वह स्क्रैप का बिजनेस करता है और बुद्ध विहार फेज-3 में उसके दो गोदाम हैं।

चोरी की गाड़ियों के वाहन बेचता था आरोपी

रवि ने बताया कि उसने अपने ट्रक ड्राइवर सुरेश को कड़कड़डूमा कोर्ट के पास एमसीडी पार्किंग से तीन दोपहिया वाहन ट्रक में लाने के लिए कहा था। रवि ने दावा किया कि उसने तीन वाहन एक व्यक्ति सुमित से कुल 10,000 रुपए में खरीदे थे। उसने यह भी कबूल किया कि वह आमतौर पर दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से बोली लगाकर दोपहिया वाहन खरीदता है। उन्हें खोलकर उनके पार्ट्स बेच देता है। इसके अलावा उसने यह भी बताया कि वह कभी-कभी चोरी की गाड़ियां खरीदता था, उन्हें तोड़ता था और उनके पार्ट्स बेच देता था। पुलिस की इस कार्रवाई से न्यू अशोक नगर, बुराड़ी, केशवपुरम, सीमापुरी, जीटीबी एंक्लेव, आनंद विहार, कालकाजी और मधु विहार पुलिस स्टेशनों में दर्ज आठ मामले सुलझा लिए गए हैं।

(इनपुट - आईएएनएस)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article