Double decker flyover in delhi : अरविंद केजरीवाल की सरकार ने बुधवार को देश की राजधानी दिल्ली के सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण पर ध्यान केंद्रित करते हुए 2023-24 के लिए 78,800 करोड़ रुपए का दिल्ली बजट पेश किया। दिल्ली के नए वित्त मंत्री कैलाश गहलोत ने अपना पहला बजट पेश किया। बुनियादी ढांचा क्षेत्र को बढ़ावा देते हुए गहलोत ने घोषणा की कि शहर में तीन डबल डेकर फ्लाईओवर बनाए जाएंगे।
दिल्ली में बनेंगे डबल डेकर फ्लाईओवर
दिल्ली सरकार 320 करोड़ रुपए की लागत से दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के साथ मिलकर अनोखे फ्लाईओवर का निर्माण करेगी। सरकार के अनुमान के मुताबिक तीन फ्लाईओवर टैक्सपेयर्स के करीब 121 करोड़ रुपए बचाएंगे। डबल डेकर फ्लाईओवर के अलावा, सरकार 26 और फ्लाईओवर, अंडरपास और पुलों का निर्माण करेगी। 26 परियोजनाओं में से 10 निर्माण चरण में हैं जबकि 11 की योजनाओं को मंजूरी के लिए यूटीटीपीईसी को भेजा गया है।
डबल डेकर फ्लाईओवर (Double decker flyover) क्या है?
प्रस्तावित योजना के मुताबिक, फ्लाईओवर का निचला डेक वाहनों के लिए होगा जबकि मेट्रो रेल ट्रेनें ऊपरी डेक पर चलेंगी। डबल डेकर फ्लाईओवर द्वारा कवर किए जाने वाले रूट निम्नलिखित हैं।
- भजनपुरा से यमुना विहार।
- आजादपुर से रानी झांसी चौराहा।
- साकेत से प्रहलादपुर।
आप सरकार और केंद्र के बीच दो दिनों की खींचतान के बाद दिल्ली का बजट 22 मार्च को पेश किया गया। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने विभिन्न मदों में आवंटन पर शुरू में आपत्ति जताने के बाद 21 मार्च को बजट को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर दिल्ली के बजट को नहीं रोकने का अनुरोध करने के बाद मंत्रालय की मंजूरी मिली। उन्होंने कहा कि पिछले 75 सालों में यह पहली बार है जब किसी राज्य का बजट रोका गया है। आप दिल्ली वालों से परेशान क्यों हैं? कृपया दिल्ली के बजट को न रोकें। दिल्लीवासी आपसे हाथ जोड़कर अनुरोध कर रहे हैं कि आप अपना बजट पास करें।
मंगलवार को वित्त वर्ष 2023-24 के लिए विधानसभा में बजट पेश किया जाना था लेकिन केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसे रोक दिया क्योंकि मंत्रालय ने विभिन्न मदों के तहत आवंटन पर दिल्ली सरकार से स्पष्टीकरण मांगा था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
