Delhi Airport New Metro Station Plan: इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दिल्ली के टर्मिनल-1 और टर्मिनल-3 के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए एक नया मेट्रो स्टेशन बनाने की योजना है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डे के तीनों टर्मिनलों में से टर्मिनल-2 और टर्मिनल-3 पास-पास हैं, जबकि टर्मिनल-1 कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 और 3 के बीच नया मेट्रो स्टेशन बनाने का प्लान
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के सीईओ, विदेह कुमार जयपुरियार ने 'PTI-भाषा' को दिए साक्षात्कार में कहा कि एरोसिटी और टी-1 के बीच बेहतर कनेक्टिविटी के लिए एक नया एकीकृत मेट्रो स्टेशन बनाने की योजना पर काम चल रहा है।
उन्होंने बताया कि पहले गोल्डन लाइन केवल एरोसिटी तक ही थी, लेकिन अब दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) को इसे टर्मिनल-1 तक बढ़ाने के लिए कहा गया है। इसके बाद यह लाइन टर्मिनल-1 से एरोसिटी तक जाएगी, और एरोसिटी से एयरपोर्ट लाइन से जुड़कर अन्य टर्मिनलों तक पहुंच प्रदान करेगी।
जयपुरियार ने यह भी बताया कि एरोसिटी में एक एकीकृत स्टेशन बनाने के प्रयास जारी हैं, क्योंकि यहां पहले से एयरपोर्ट मेट्रो लाइन मौजूद है, और अब गोल्डन लाइन पर नया मेट्रो स्टेशन भी जोड़ा जाएगा।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
