Delhi News: पार्किंग को लेकर हुआ विवाद गोलीबारी में बदला, हत्या के प्रयास में नाबालिग समेत चार गिरफ्तार

पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार में कांवड़ यात्रा की तैयारी के दौरान पार्किंग को लेकर बवाल हो गया है। देखते ही देखते ये विवाद गोलीबारी में बदल गया। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करते हुए एक नाबालिग समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

Delhi: पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार में कांवड़ यात्रा की तैयारी के दौरान पार्किंग को लेकर विवाद हो गया था। इससे जुड़े हत्या के प्रयास के एक मामले में दिल्ली पुलिस ने एक किशोर समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया मोटरसाइकिल की पार्किंग को लेकर हुई बहस अचानक गोलीबारी में बदल गई थी। इस मामले को लेकर युवक ने पुलिस में शिकायत की, जिसके बाद हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।

Delhi Police

पार्किंग को लेकर हुआ विवाद गोलीबारी में बदला (फोटो-iStock)

क्या है पूरा माजरा

पुलिस अधिकारी ने बताया कि कथित घटना 11 जुलाई की रात की है। उन्होंने कहा कि पुलिस को मयूर विहार फेज-1 स्थित शशि गार्डन के पास गोलीबारी की सूचना मिली थी। पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) अभिषेक धानिया ने एक बयान में कहा, "टीम मौके पर पहुंचीं और उन्हें एक गोली का निशान मिला। शिकायतकर्ता जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर हुई बहस गोलीबारी में बदल गई।" अधिकारी ने बताया कि आरोपी कांवड़ यात्रा के तहत हरिद्वार जाने की तैयारी कर रहे थे।

गोलीबारी करने वाले आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपियों की पहचान मोहित (24), रोहित (22), भुवन (20) और एक 17 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है। आरोपियों ने कथित तौर पर जितेंद्र, उसके भाई सागर और उसके दोस्त पीयूष पर गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू की गई। पुलिस उपायुक्त ने कहा, "जांच के लिए दो टीम बनाई गईं। दोनों टीम ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और स्थानीय स्तर पर पूछताछ की। आरोपी फरार थे, लेकिन पुलिस ने जाल बिछाकर उनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद एक अन्य आरोपी और किशोर को भी पकड़ लिया गया।"

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

End Article
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर...

End of Feed