Sadar Bazar Fire: दिल्ली की सबसे बड़ी होलसेल मार्केट सदर बाजार के मटके वाली गली में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग एक कॉस्मेटिक दुकान के पहले मंजिल पर स्थित गोदाम में लगी, जहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामान रखा हुआ था। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 15 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, बाद में यह संख्या बढ़कर 27 हो गई।
आग पर काबू पाते दमकल कर्मी
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस, फायर सर्विस और कैट्स की टीमें भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। इस हादसे में फायर विभाग का एक कर्मचारी घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। आग पर काबू पाने की कोशिशें तेजी से जारी हैं और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पहली मंजिल पर भड़की आग
डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर संजय तोमर ने जानकारी दी कि उन्हें आग लगने की सूचना दोपहर 3:49 बजे मिली। चूंकि यह इलाका एक व्यस्त बाजार है और आसपास कई दुकानें हैं, इस नाते आग की श्रेणी को उच्च स्तर पर ले जाया गया। यह एक तीन मंजिला इमारत है, जिसकी पहली मंजिल पर आग भड़की थी। आग बुझाने के दौरान हमारे एक फायर ऑपरेटर को गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल किसी अन्य के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
