Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 7-July-2025: बीते 24 घंटों में दिल्ली NCR में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। रविवार से ही इसके आसार दिखने लगे थे। रविवार-सोमवार की रात 12 बजे के बाद से राजधानी और उसके आसपास के कई क्षेत्रों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मौसम ने करवट ली। आज यानी सोमवार की सुबह भी बारिश के साथ हुई है।
दिल्ली में झमाझम बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ में रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया था। फिलहाल नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुड़गांव, गाजियाबाद और फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में बादल झमाझम
बीती रात नॉर्थ वेस्ट, वेस्ट और साउथ वेस्ट दिल्ली में तेज बारिश हुई। इसके साथ ही गुड़गांव के कई इलाकों में भी तेज बारिश का दौर जारी रहा, जबकि नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और गाजियाबाद में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर में फिर से तेज बारिश हो सकती है।
लुढका पारा
रात भर हुई बारिश के कारण राजधानी दिल्ली का तापमान गिरकर 32 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है। NCR के अन्य इलाकों नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुड़गांव, गाजियाबाद और फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री के बीच बना हुआ है। इस बदलाव ने गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को काफी राहत दी है।
इस हफ्ते दिखेगा मानसून का असर
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली-NCR में इस सप्ताह रुक-रुक कर बारिश देखी जाती रहेगी। इस दौरान गर्मी से राहत के साथ-साथ कुछ जगहों पर जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि अत्यधिक बारिश के दौरान सावधानी बरतें, और जरूरत न हो तो घरों से बाहर न निकलें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
