Delhi Weather: नए साल के साथ राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण ठंड और शीतलहर का आगमन हो चुका है। दो दिन ठंड से राहत के बाद दिल्ली का तापमान एक बार फिर से नीचे चला गया। रविवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। इससे पहले शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। नए साल के साथ तापमान में करीब 5 डिग्री की गिरावट आई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आने वाले सप्ताह में साल का पहला कोल्ड डे रहने वाला है।
धुंध में सड़क पर लाइट जलाकर जाते वाहन
इस दौरान लोगों को भीषण ठंड के साथ घनी धुंध और शीतलहर का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, जनवरी के पहले सप्ताह में ठंड रात के साथ दिन में भी कंपकंपी छुड़ाएगी। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पूरे सप्ताह दिल्ली-एनसीआर का अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक रह सकता है। वहीं, 3 से 6 जनवरी तक राजधानी के लोगों को भीषण शीतलहर का भी सामना करना पड़ सकता है।
धुंध, शीतलहर और बर्फीली हवाएं कपाएंगी हांड
बता दें कि, राजधानी दिल्ली में वर्ष 2022 के आखिरी दिन से ही ठंड बढ़ने लगी। शनिवार शाम से ही राजधानी में ठंडी हवाओं ने अपना डेरा जमा लिया। जिसके कारण रात से तापमान लुढ़कने लगा। रविवार को सुबह की शुरुआत धुंध से हुई, लेकिन धूप खिलने की वजह से कुछ ही घंटे में धुंध कम हो गई। हालांकि ठंडी हवाओं के कारण गर्माहट का अहसास नहीं हुआ। मौसम साफ रहने की वजह से रविवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री तक जा सकता है। वहीं, सोमवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान महज 4 डिग्री पर सिमटने का अंदेशा है। सोमवार से लोगों को घनी धुंध का भी सामना करना पड़ेगा। वहीं 3 जनवरी से शीतलहर शुरू होगी। जो तापमान को और नीचे ले जाएगी। धुंध, शीतलहर और बर्फीली हवाएं लोगों को हांड कंपा देने वाली ठंड का एहसास कराएंगी। दूसरी तरफ, दिल्ली के वायु गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। यहां की वायु गुणवत्ता 2022 में महज छह दिन ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंची, जो पिछले सात साल में सबसे कम है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
