राजधानी दिल्ली और NCR के कई इलाकों में आज सुबह लोगों की आंख बारिश की हल्की फुहारों के साथ खुलीं। देर रात से ही कई इलाकों में झमाझम बारिश भी हुई है। मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार 4 जुलाई को दिनभर दिल्ली-NCR के आसमान में बादल छाए रहने की भविष्यवाणी की है। कई इलाकों में आज बारिश के साथ ही आंधी की भी संभावना है। आज का अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रह सकता है। चलिए जानते हैं दिल्ली के मौसम का हाल।
दिल्ली में बारिश Photo Credit: AI
आज ही नहीं कल यानी शुक्रवार 5 जुलाई को भी दिल्ली-NCR में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को भी दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है। इसके साथ ही कई इलाकों में मध्यम से हल्की बारिश होने की संभावना है। IMD के अनुसार शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री रह सकता है।
आगे बारिश का दौर जारी रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार 6 जुलाई से 9 जुलाई तक भी दिल्ली के आसमान में बादलों का डेरा रहेगा और रह-रहकर हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री के बीच और अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।इससे पहले कल यानी बुधवार 3 जुलाई को राजधानी दिल्ली में दिनभर अंधेरा छाया रहा। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही देखने को मिली। जिस तरह का मौसम सुबह से ही बना हुआ था, उसे देखते हुए भारी बारिश की संभावना थी। इसी आशंका में लोग सहमे हुए थे कि हीं 27-28 जून को हुई पहली बारिश की तरह ही आज भी जलजमाव न हो जाए। लेकिन ज्यादातर इलाकों में आधे-पौने घंटे ही हल्की बारिश हुई।
बारिश रुकते ही दिल्ली-एनसीआर के लोगों ने राहत की सांस ली, क्योंकि शाम के वक्त बारिश के बाद विजिबिलिटी भी बढ़ गई थी। हालांकि, बारिश के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत जरूर मिली। इसके बाद भी देर शाम व रात को कई इलाकों में रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
