Delhi Traffic Advisory: आज के दिन (7 नवंबर) 1875 में वंदे मातरम गीत की रचना की गई थी। आज भारतवासियों के दिल में बसे गीत वंदे मातरम को 150 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इसलिए संस्कृति मंत्रालय द्वारा इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में भारत के राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। इस अवसर पर दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें प्रतिबंधित रास्तों के साथ डायवर्जन की जानकारी दी गई है। यदि आप भी इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम या आईटीओ के आसपास के रास्तों का प्रयोग करते हैं या आज यहां से होकर गुजरने वाले हैं, तो यह आर्टिकल आपके लिए है। घर से निकलने से पहले दिल्ली पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर चेक करें, ताकि आप यहां लगने वाले जाम और रास्ते के प्रतिबंधित होने के कारण अपने गंतव्य पर देरी से न पहुंचे।
दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एजवाइजरी (Photo-iStock)
दिल्ली के सेंट्रल क्षेत्रों में भारी जाम की संभावना
'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम के मुख्य परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में लगभग 11,000 आमंत्रित अतिथि शामिल होंगे, जो करीब 1,000 कारों और 300 बसों में पहुंचेंगे। इससे दिल्ली के केंद्रीय इलाकों में भारी यातायात जाम की संभावना है। दिल्ली पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विस्तृत सलाह जारी की है, जिसमें डायवर्जन, प्रतिबंध और पार्किंग नियम शामिल हैं।
इन सड़कों पर जाने से बचें
न्यूज एजेंसी IANS के अनुसार, इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित यह समारोह सुबह से दोपहर तक चलेगा। अतिथियों की भारी संख्या को देखते हुए पुलिस ने सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे तक कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध लगाने की योजना बनाई है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे बीएसजेड मार्ग, जेएलएन मार्ग, आईपी मार्ग, एमजी मार्ग/रिंग रोड, विकास मार्ग और सलीम गढ़ बाईपास रास्ते पर जाने से बचें। आवश्यकता पड़ने पर बीएसजेड मार्ग, जेएलएन मार्ग, एमजी मार्ग, आईपी मार्ग और विकास मार्ग पर डायवर्जन या पूर्ण प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
इन रास्तों पर वाहन प्रतिबंधित
सचिवालय रोड और वेलोड्रोम रोड पर किसी भी प्रकार के वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं है। इसके अलावा भी कई ऐसे मार्ग हैं, जिन्हें वाहनों की आवाजाही के लिए प्रतिबंधित किया गया है। इन क्षेत्रों में शांति वन क्रॉसिंग से राजघाट तक भैरों मार्ग (एमजी मार्ग के दोनों कैरिजवे), गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के नीचे से आईपी फ्लाईओवर तक सलीम गढ़ बाईपास (दोनों कैरिजवे), डब्ल्यू पॉइंट से दिल्ली गेट तक (दोनों कैरिजवे), बहादुर शाह ज़फर मार्ग और दिल्ली गेट से राजघाट जेएलएन मार्ग तक (दोनों कैरिजवे), राजघाट से किशन घाट/पावर हाउस रोड और आईटीओ से यमुना ब्रिज तक (आईपी मार्ग और विकास मार्ग, दोनों कैरिजवे) मार्ग के नाम हैं।
स्टेडियम में किस गेट से लें प्रवेश?
इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम के गेट नंबर 1, 2, 3, 7 और 8 वेलोड्रोम रोड के पूर्वी तरफ हैं, जिसमें प्रवेश दिल्ली सचिवालय रोड/वेलोड्रोम रोड से होगा। गेट नंबर 19, 21, 22 और 23 रिंग रोड के पश्चिमी तरफ हैं, जिनमें प्रवेश एमजीएम रोड से होगा।
इन स्थानों पर पार्किंग निषेध
दिल्ली पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, वेलोड्रोम रोड, सचिवालय रोड, जेएलएन मार्ग (दिल्ली गेट से राजघाट), आईपी मार्ग, एमजी मार्ग/रिंग रोड (शांति वन से भैरों मार्ग क्रॉसिंग), बीएसजेड मार्ग, सलीम गढ़ बाईपास, विकास मार्ग (ITO से यमुना ब्रिज) और पावर हाउस रोड (दोनों कैरिजवे) पर वाहनों की पार्किंग निषेध है। इन क्षेत्रों में पार्क किए वाहनों के मालिकों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य रखने, यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस कर्मियों के निर्देशों का सहयोग करने की अपील की है। प्रमुख चौराहों पर तैनात पुलिस की मदद लें।
(इनपुट - आईएएनएस)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
