Delhi News: दिल्ली पुलिस ने हाशिम बाबा गिरोह के एक शार्प शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी को जेल से रिहा होने के कुछ महीने बाद हथियार तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ मकोका सहित 13 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान नदीम उर्फ कालिया (41) के रूप में हुई है और उसे 20 जुलाई को मध्य दिल्ली के चांदनी महल इलाके से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से अमेरिका निर्मित एक पिस्टल बरामद की गई।
दिल्ली पुलिस ने हथियारों की तस्करी करने वाला आरोपी को किया गिरफ्तार (फोटो - iStock)
आरोपी पर 13 से अधिक मामले दर्ज
पुलिस ने बताया कि नदीम आदतन अपराधी है और छेनू, नासिर और हाशिम बाबा गिरोह सहित कई आपराधिक गिरोहों से जुड़ा है। पुलिस उपायुक्त (मध्य) निधिन वलसन ने कहा, "नदीम के खिलाफ 13 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका), हत्या, डकैती और शस्त्र अधिनियम के तहत मामले शामिल हैं। वह जाफराबाद थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है।"
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने रविवार रात गली तख्त वाली इलाके में जाल बिछाया। जैसे ही टीम वहां पहुंची नदीम ने पिस्तौल निकालकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत काबू में कर लिया। डीसीपी ने बताया, "उसके पास से एक अमेरिका निर्मित पिस्तौल, चार कारतूस और एक मैगजीन बरामद की गई। वह पिस्तौल का कोई लाइसेंस नहीं दिखा सका।" उन्होंने बताया कि शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
