Delhi: दिल्ली के सुभाष प्लेस इलाके में हुई एक हत्या के मामले की जांच में जुटी पुलिस ने हैरान करने वाला खुलासा किया है। हत्या के आरोप में पुलिस ने तीन आरोपियों के अलावा मृतक व्यक्ति के नाबालिग बेटे को पकड़ा है। इन आरोपियों की पहचान शकूरपुर निवासी आदित्य, नितिन, और जितेश गुप्ता के रूप में हुई है। जबकि चौथा आरोपी मृतक का बेटा है। पुलिस ने खुलासा किया कि, पिता आए दिन मां और बहनों के साथ मारपीट करता था, जिससे तंग आकर उसके नाबालिग बेटे ने अन्य आरोपियों के साथ मिल पिता को जमकर पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।
नाबालिग बेटे ने पीट-पीट कर दी पिता की हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मृतक का परिवार मूल रूप से उत्तराखंड के चमोली जिले का रहने वाला है और यहां पर अपनी पत्नी और दो बेटे और दो बेटियों के साथ रहता था। दिल्ली पुलिस ने बताया कि, सोमवार सुबह सूचना मिली थी कि, सुभाष प्लेस में एक व्यक्ति की हत्या हो गई है। करीब 50 वर्षीय मृतक का शव घर के अंदर पड़ा था और नाक व मुंह से खून निकल रहा था। कमरे में कुछ कांच के टुकड़े और टूटी हुईं चूड़ियां पड़ी थीं। मृतक की पत्नी और बच्चे भी वहीं मौजूद थे।
ऐसे खुला हत्या का पूरा राज
पुलिस ने बताया कि, पूछताछ में परिवार के सदस्यों ने हत्या होते देखने से इनकार कर दिया। इसलिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच शुरू की। फुटेज खंगालनी शुरू की। जिसमें रात करीब 11:30 बजे दो संदिग्ध घर से बाहर निकलते दिखे, लेकिन तस्वीर साफ नहीं थी। इसलिए पुलिस ने मृतक के परिजनों की लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया और मृतक के बेटा पर हत्या में शामिल होने का शक हुआ। जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने हत्या की पूरी साजिश से पर्दा उठा दिया। आरोपी बेटे ने बताया कि, उसका पिता शराब का आदी था और वह शराब खरीदने के लिए मां-बहनों से पैसे मांगता, नहीं देने पर मारपीट करता था। इससे परेशान होकर उसने अपने मकान मालिक के साथ मिलकर पिता की हत्या की साजिश रची। इसके बाद मकान मालिक जितेश गुप्ता ने नितिन और आदित्य नाम के दो लड़को को बुलाया और सभी ने मिलकर रात को मृतक के घर पर पहुंचे और उसे बेसबॉल बैट और डंडे से पीट-पीटकर मार डाला।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
