Weather Today: Delhi-NCR में झमाझम बारिश की संभावना, अब नहीं सताएगी उमस वाली गर्मी; IMD का येलो अलर्ट जारी

Delhi-NCR Weather Today: बीते दिनों हुई बारिश के बाद से शहर का मौसम कूल-कूल बना हुआ है। तापमान में कमी दर्ज की गई है। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली में आज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही एनसीआर क्षेत्रों में भी बारिश होने की संभावना जताई है।

Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में जुलाई महीने का अंत और अगस्त महीने की शुरुआत भारी बारिश के साथ हुई है। जुलाई में उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों ने महीने के अंत में राहत की सांस ली। बुधवार को भारी बारिश के बाद गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। पिछले 2 दिनों से हो रही बारिश से शहर का मौसम कूल-कूल बना हुआ है। बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में कमी आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल रही है। बीते दिनों दिल्ली में जारी रेड अलर्ट अब येलो में बदल गया है। मौसम विभाग ने मौसमी गतिविधियों को देखते हुए शुक्रवार यानी आज दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

Delhi Weather Forecast.

दिल्ली में मौसम का हाल

राजधानी के कई हिस्सों में सुबह-सुबह हल्की बारिश हुई तो वहीं कई हिस्सों में बारिश की बौछार पड़ी। सुबह की शुरुआत बारिश के साथ होने से शहर का मौसम सुहावना हो गया है। दिल्ली के साथ एनसीआर क्षेत्रों में भी आज बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी और तापमान में कमी आएगी, जिससे मौसम कूल-कूल बना रहेगा। आइए आपको बताएं कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम -

दिल्ली में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवाओं के साथ शहर में आज हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। बुधवार और गुरुवार को हुई बारिश के बाद से दिल्ली में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति देखी गई। गुरुवार को बारिश के बाद से सड़कों पर जलभराव होने से लोगों को काफी परेशानी हुई। कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। बता दें कि बुधवार को दिल्ली में 100 एमएम की बारिश दर्ज की गई।

अगले सात दिनों तक कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम

शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश के अलर्ट के साथ मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह दिल्ली में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार और रविवार को हवाओं के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना है। रविवार के बाद अगले हफ्ते की शुरुआत भी बारिश के साथ होगी। विभाग ने बताया की मंगलवार से फिर मौसम मेहरबान होना शुरू होगा और गुरुवार तक तेज बारिश होने की संभावना है। अगले सात दिनों तक दिल्ली का मौसम सुहावना बना रहेगा।

नोएडा-गाजियाबाद में बारिश

मौसम विभाग ने नोएडा और गाजियाबाद में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। आज दोनों शहरों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवाएं भी चल सकती है। हवाओं के बीच बारिश से शहर का मौसम सुहावना बना रहेगा और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने 4 अगस्त तक बारिश की संभावना जताई है। नोएडा और गाजियाबाद में आज न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान क्रमश 34 और 35 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली से सटे गुरुग्राम और फरीदाबाद में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज शहर में भारी बारिश होगी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी और शहर के तापमान में कमी आएगी। गुरुग्राम और फरीदाबाद में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 और 25 डिग्री रह सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

End Article
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर...

End of Feed