Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में लोग गर्मी से बेहाल हैं। यहां मौसम विभाग ने हीटवेव का अलर्ट जारी कर दिया है। इस बीच बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। दिल्ली एक बार फिर आग की भट्टी बन रही है। यहां आसमान से आग बरस रही है। दिल्ली-एनसीआर की गर्मी में लोगों को झुलसता हुआ देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अपटेड के अनुसार, आने वाले सप्ताह में भी बारिश होने की संभावना नहीं है। ऐसा लगता है कि दिल्ली के लोगों को मानसून आने के बाद ही भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। इस बीच दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस। दिन के साथ गर्म होती रातों ने भी लोगों की नींद और चैन छीन लिया है। जहां एक तरफ दिल्ली के लोगों भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं, वहीं कई इलाकों में लोगों को बिजली की कटौती और पानी की किल्लत का भी सामना करना पड़ रहा है। आइए इस बीच आपको बताएं कैसा रहेगा आज मौसम का हाल...
दिल्ली में लू का ऑरेंज अलर्ट
दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से तापमान तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ती गर्मी के साथ दिल्ली के लोग लू के थपेड़े भी झेल रहे हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली में गुरुवार को लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने ऑरेंज अलर्ट मंगलवार तक यानी 6 दिन के लिए जारी किया है। दिल्ली में 14 और 15 जून को 20 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज गर्म हवाएं चलेंगी। वहीं 16 से 18 जून के बीच 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। शाम में धूल भरी हवाएं भी चल सकती हैं। इस बीच दिल्ली-एनसीआर के लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है। लू से बचने के लिए और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए लोगों को कम से कम घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। इसके साथ घर से बाहर निकलने की स्थिति में पर्याप्त मात्रा में पानी साथ लेकर चलने के लिए कहा गया है। लू की स्थिति को देखते हुए लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने के लिए और बाहर जाते समय सिर को अच्छी तरह से कवर करने के लिए भी कहा गया है।
ये भी पढ़ें - Heat Wave Live Updates: दिल्ली में हीटवेव का अलर्ट जारी, झारखंड में बरसेंगे बदरा, यूपी में जारी भीषण गर्मी का प्रकोप
एनसीआर में मौसम का हाल
यूपी के गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में मौसम विभाग ने हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। यहां विभाग ने 4 दिन का यानी 13 जून से 16 जून तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद का तापमान 45 से 46 तक जाने की संभावना है। फरीदाबाद और गुरुग्राम में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। यहां तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग ने यहां आने वाले दिनों में तापमान के बढ़ने की संभावना जताई है। साथ ही यहां बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।
दिल्ली में कब आएगा मानसून
पिछले दिनों मौसम विभाग ने मानसून की गति को देखते हुए कई राज्यों और शहरों में तय समय से पहले मानसून के पहुंचने की संभावना जताई थी। उसके अनुसार दिल्ली में मानसून 27 जून तक दस्तक दे सकता है। बता दें कि पहले 2 जुलाई तक मानसून के पहुंचने की संभावना थी। लेकिन अब करीब 5-6 दिन पहले मानसून पहुंच जाएगा। पिछले 15 दिनों से लू के थपेड़े झेल रही दिल्ली में मानसून के आने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
