Delhi NCR Weather Forcast Today : उत्तर भारत में इन दिनों आसमान से आग बरस रही है। सूरज अपने पूरे तेवर दिखा रहा है। उधर, लू के थपेड़ों से दिन में घर से बाहर निकलना खुद को आग में झोंकने जैसा है। सुबह 7 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक सूरज अपने शबाब पर नजर आ रहा है। यही कारण है कि दिल्ली में गुरुवार को पारा 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो इस मौसम में राष्ट्रीय राजधानी में दर्ज किया गया अब तक का सबसे अधिक तापमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार पिछला सबसे गर्म दिन आठ मई था और उस रोज अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उधर, भीषण गर्मी के चलते राजधानी में बिजली की अधिकतम मांग 6,780 मेगावाट पहुंच गयी है।
दिल्ली का मौसम
पारा 45 डिग्री पार!
आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। सापेक्ष आर्द्रता 25 प्रतिशत से 65 प्रतिशत के बीच रही। सात दिन के लिए आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को राजधानी में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने के आसार हैं। इस दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार लू की स्थिति तब मानी जाती है जब अधिकतम तापमान सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री या उससे अधिक होता है यानी जब तापमान कम से कम 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। इधर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 42 डिग्री बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में यहां हालात और खराब होने वाले हैं। यानी यहां भी पारा 45 डिग्री सेल्सियस ऊपर पहुंचेगा।
पिछले 2 साल ऐसा रहा तापमान
दिल्ली में मई 2023 में एक भी दिन लू नहीं चली, पिछले साल इस माह में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक 2022 में चार दिन ऐसे थे जब राजधानी में लू दर्ज की गई थी। मौसम कार्यालय ने शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है और अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
गर्मी ने बढ़ाई बिजली आपूर्ति
दिल्ली में पारा चढ़ने के साथ बिजली की अधिकतम मांग 6,780 मेगावाट पहुंच गई है। यह इस मौसम में अबतक की सर्वाधिक मांग है। शहर की प्रमुख विद्युत वितरण कंपनियों बीएसईईएस और टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रिब्यूशन लि. ने अपने-अपने क्षेत्रों में बिजली की अधिकतम मांग को पूरा करने का दावा किया है।
दिल्ली स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी) की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, बृहस्पतिवार को अपराह्न 3.26 बजे बिजली की अधिकतम मांग 6,780 मेगावाट पहुंच गयी। यह इस मौसम में अबतक की सर्वाधिक मांग है। पिछले साल 16 मई को बिजली की अधिकतम मांग 5,781 मेगावाट थी। बीएसईएस राजधानी पावर लि. और बीएसईएस यमुना पावर लि. ने बयान में कहा कि दोनों ने अपने-अपने क्षेत्रों में क्रमश:2,861 मेगावाट और 1,488 मेगावाट बिजली की अधिकतम मांग को पूरा किया।
हालांकि, आने वाले कुछ दिनों में मानसून (Mansoon 2024) के आने की आशंका है। दिल्ली में 28 से 30 जून तक मानसून दस्तक दे सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
